मानव जीवन की संरक्षक संस्थाओं का सहयोग करें समाज: अलका तिवारी

रेड क्रॉस सोसाइटी को आर्थिक योगदान हेतु हिमालय मॉडल स्कूल में आयोजित किया गया मैजिक शो, जादूगर सोनी भारत ने छात्र-छात्राओं को दिए अनोखे करतब

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शनिवार को कस्बे के खन्द्रावली मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित हिमालय मॉडल स्कूल में रेड क्रॉस सोसाइटी को आर्थिक योगदान हेतु एक मैजिक शो का आयोजन किया गया, जिसमें जादूगर सोनी भारत के द्वारा वाटर ऑफ इण्डिया, रूमालों के रंग बदलना, वस्तु को गायब करके पुनः प्राप्त करना आदि अनेकों आश्चर्यजनक करतब दिखाए गए। मैजिक शो में जादूगर द्वारा दिखाए गए करतब छात्र-छात्राओं को काफी पसंद आए और उन्होंने उनका खूब लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के समापन के दौरान विद्यालय प्रधानाचार्या अलका तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी एक स्वैच्छिक मानवीय संगठन है जो आपदाओं, युद्ध और आपातकालीन स्थितियों में पीड़ितों की मदद और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का काम करता है।

उन्होंने बच्चों से रेड क्रॉस सोसाइटी के इतिहास एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सभी को अपने दैनिक जीवन में प्रतिदिन इस प्रकार की संस्थाओं के लिए कुछ बचत अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने समाज में मानव जीवन के संरक्षण हेतु संघर्षरत संस्थाओं के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया है। साथ ही, बच्चों से अपील की है कि भविष्य में यदि ऐसी संस्थाओं का कोई प्रतिनिधी उनके पास आता है तो उनकी सहायता अवश्य करें। मैजिक शो का समस्त खर्च विद्यालय प्रबंधन द्वारा निर्वहन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का विशेष सह‌योग रहा। वहीं जादूगर सोनी भारत ने छात्र-छात्राओं के अनुशासन व विद्यालय के सहयोग की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

About The Author

Related Posts