Hisar News: इस कांग्रेस नेता को जान से मारने की धमकी, बेटा भी धमकाया
हिसार छोड़ने के लिए मजबूर करने का आरोप
Congress Leader Threat: हिसार (सच कहूँ न्यूज़)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया को कथित तौर पर फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पूनिया ने सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:45 बजे पूनिया के मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति ने कॉल की। आरोप है कि फोन करने वाले ने बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और पूनिया तथा उनके बेटे को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। Hisar News
पूनिया का आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें हिसार शहर छोड़ने के लिए भी धमकाया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फोन पर मिली धमकी के बाद उन्हें अपने और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस तरह की धमकी के कारण उन्हें जान-माल का खतरा महसूस हो रहा है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने की मांग की है।
पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग और नंबर सौंपा
वजीर सिंह पूनिया ने शिकायत के साथ कथित आरोपी के मोबाइल नंबर की जानकारी और फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। उन्होंने पुलिस से कॉल रिकॉर्डिंग समेत अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच करने का अनुरोध किया है। पूनिया ने मांग की है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उसे गिरफ्तार किया जाए।
कांग्रेस नेता ने पुलिस प्रशासन से अपने तथा अपने पुत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फोन करने वाला व्यक्ति कौन था और धमकी देने के पीछे उसकी मंशा क्या थी। Hisar News