Firozpur Crime: फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी नेता की गोली मारकर हत्या

नकाबपोश हमलावरों ने बरसाईं गोलियां; पुलिस जांच जारी

Published On

AAP Leader Murder: फिरोजपुर (हि.स.)। पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममदोट क्षेत्र में शनिवार देर रात गोलीबारी की घटना में आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े नेता गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई। वारदात में उनके साथ मौजूद हरप्रीत सिंह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार कुछ नकाबपोश हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कार में मौजूद तीन लोगों के अलावा दो मोटरसाइकिल सवारों को भी निशाना बनाया। गोलीबारी की सूचना मिलते ही फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका सामने आई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

संदिग्ध हमलावरों की पहचान का दावा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कथित तौर पर वारदात में शामिल हमलावरों की पहचान कर ली गई है। हालांकि, जांच प्रभावित न हो, इसलिए पुलिस ने फिलहाल उनकी पहचान से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस गोलीबारी के पीछे के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, शनिवार देर रात दो घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। पुलिस अब गोलीबारी में शामिल सभी लोगों और घटना की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts