हाई पावर ग्रिड लाइन के विरोध में सोहटी गांव में महापंचायत, काम रुकवाने पर अड़े किसान

प्रशासन ने समझाने का किया प्रयास, उपायुक्त से बातचीत के बाद काम रोकने पर बनी सहमति

Published On

सोनीपत (सच कहूँ/हेमंत कुमार)। Sonipat News:  सीकर से नरेला तक बिछाई जा रही हाई टेंशन बिजली लाइन के विरोध में रविवार को गांव सोहटी के स्टेडियम में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। जयपाल आर्य की अध्यक्षता में हुई महापंचायत में सैकड़ों की संख्या में किसान नेता, किसान और ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान किसानों ने हाई पावर लाइन के कार्य, मुआवजे और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया।

महापंचायत में किसान नेताओं द्वारा अपने-अपने विचार रखे जा रहे थे। इसी दौरान डीसीपी क्राइम सोनीपत नरेंद्र कादयान स्टेडियम पहुंचे और महापंचायत के समक्ष प्रशासन व सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों को लेकर सजग है और बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान करने के लिए तैयार है। डीसीपी ने पावर ग्रिड के उच्च अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और किसानों व ग्रामीणों की समस्याओं को समझने तथा उन्हें समझाने का प्रयास किया।

वहीं युवा किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि उनकी 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात प्रस्तावित है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बातचीत के लिए समय निर्धारित है तो जल्दबाजी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक कई किसानों के खातों में मुआवजे की राशि नहीं पहुंची है।

अभिमन्यु कोहड़ ने आरोप लगाया कि सरकार की नीति के अनुसार मुआवजा अग्रिम  और एकमुश्त दिया जाना चाहिए, जबकि उनके अनुसार पावर ग्रिड द्वारा इस नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह थाना खरखौदा में भी शिकायत दे चुके हैं। किसान नेता ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय किसानों और ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
महापंचायत में मौजूद किसान नेताओं और ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि पहले हाई पावर लाइन का काम रोका जाए, इसके बाद ही आगे की बातचीत की जाएगी। शासन-प्रशासन और किसान नेताओं के बीच मौके पर सहमति नहीं बन पाने के बाद किसानों ने स्टेडियम से कार्य स्थल की ओर कूच कर काम रुकवाने का फैसला लिया।

किसानों के आगे बढ़ते ही पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कही। इसके बाद किसान नेताओं की सोनीपत उपायुक्त से फोन पर बातचीत हुई। किसान नेताओं के अनुसार उनकी मांग पर सहमति जताते हुए हाई पावर लाइन का काम रोक दिया गया। महापंचायत के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों पर कार्रवाई की मांग की है।

इस मौके पर प्रशासन की ओर से डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादयान, एसीपी खरखौदा जोगेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी अनिल कुमार, तहसीलदार बिजेंद्र नांदल और नायब तहसीलदार अचिन मौजूद रहे।

 

About The Author

Related Posts