चुनरी में छिपाकर रखी थी हेरोइन, नाढोड़ी से हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार
हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, पति की भूमिका भी सामने आई
फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad News: हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, फतेहाबाद इकाई ने गांव नाढोड़ी में कार्रवाई करते हुए 5.71 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरमीत पत्नी नानक राय निवासी नाढोड़ी के रूप में हुई है।
राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो इकाई प्रभारी उपनिरीक्षक तरसेम सिंह के अनुसार टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरमीत घर से हेरोइन बेचने का काम करती है। सूचना के आधार पर टीम ने उसे काबू कर लिया। उप पुलिस अधीक्षक भूना नर सिंह की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। आरोपी की तलाशी ली तो उसकी चुनरी में से हेरोइन बरामद हुई। वजन करने पर इसकी मात्रा 5.71 ग्राम निकली।
पूछताछ में पति का नाम सामने आया
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति नानक राय के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी करती है। पुलिस अब मामले में पति की भूमिका की जांच कर रही है। थाना भुना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला को आगामी कार्रवाई के लिए जांच में शामिल किया गया है। हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए आपूर्तिकर्ता से लेकर नशा बेचने वालों तक सभी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।