कण्डेला में मकानों के सामने टूटकर गिरा हाई वोल्टेज लाइन का तार, ग्रामीणों में हड़कंप
कण्डेला में मकानों के सामने टूटकर गिरा हाई वोल्टेज लाइन का तार, ग्रामीणों में हड़कंप
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से अलीपुर-मन्नामाज़रा के खेतों के लिए जा रही हाई वोल्टेज लाइन का तार अचानक टूटकर गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नही हुआ। ग्रामीणों ने विद्युत लाइन के नीचे गार्डिंग किये जाने की मांग की है।
कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित 33/11 केवी सब-स्टेशन से अलीपुर व मन्नामाज़रा के खेतों के लिए हाई वोल्टेज लाइन गई है। बिजलीघर के निकट ही गांव के बाहरी छोर पर ओमवीर, रामफल, विनोद, प्रवीण आदि ग्रामीणों के मकान है। हाई वोल्टेज लाइन इन्हीं ग्रामीणों के मकानों के सामने से गुजर रही है। रविवार को मकानों के सामने से गुजर रही लाइन का तार अचानक तेज आवाज के साथ टूटकर नीचे आ गिरा। तार गिरने से घर के अंदर बैठे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वह घबराकर बाहर निकल आए। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई ग्रामीण टूटे तार की चपेट में नही आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आपूर्ति बंद कराकर टूटे तार को फिर से जोड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत तार इसी जगह से 15 दिनों में दो बार टूट चुका है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत लाइन के नीचे गार्डिंग(लोहे के तारों की जाली) लगाए जाने की मांग की है। वहीं, बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता साजिद अहमद ने बताया कि टूटे तार को पुनः जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उच्चाधिकारियों से बात करके विद्युत लाइन के नीचे गार्डिंग का कार्य कराया जाएगा।