Damoh Road Accident: 40 फीट नीचे नदी में समाया 18 चक्का ट्राला

मध्य प्रदेश के दमोह में चीलघाट नदी की घटना, 24 घंटे बाद मिले चालक-क्लीनर के शव

Published On

Damoh Road Accident: दमोह, (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में चीलघाट नदी पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद करीब 24 घंटे तक चले बचाव अभियान में चालक और क्लीनर के शव बरामद कर लिए गए। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुल की रेलिंग तोड़कर 18 चक्का ट्राला नदी में जा गिरा था। हादसा इतना भीषण था कि वाहन करीब 40 फीट नीचे पानी में पहुंच गया और उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। Damoh Road Accident

हादसे की जानकारी मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए लगाया गया। नदी में पानी अधिक होने और ट्राले के केबिन के बुरी तरह पिचक जाने के कारण बचावकर्मियों को शवों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार करीब एक दिन चले अभियान के बाद शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि लगभग 2 से 4 बजे के बीच रेस्क्यू टीम ने क्षतिग्रस्त केबिन से दोनों शवों को बाहर निकाल लिया।

कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे के मुताबिक मृतकों की पहचान 23 वर्षीय अभिषेक पुत्र सुरेश और 38 वर्षीय तुलसी भाई पुत्र गणेश के रूप में हुई है। दोनों विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के सुन्नंता गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और बचाव दल की मदद से नदी में गिरे वाहन तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया। Damoh Road Accident

सीमेंट लेकर सतना से इंदौर जा रहा था ट्राला

पुलिस के अनुसार 18 चक्का ट्राला सतना से करीब 35 से 40 टन सीमेंट लेकर इंदौर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि रात के समय चालक को नींद का झपका लगने से वाहन अनियंत्रित हुआ और पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नदी में गिर गया। हालांकि पुलिस ने अभी हादसे की वजह को अंतिम रूप से तय नहीं किया है। दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह सड़क की स्थिति खराब होने की जानकारी सामने आई है। सड़क पर बने गड्ढों को भी हादसे के संभावित कारणों में शामिल कर पुलिस जांच कर रही है। अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटे हैं।

रेस्क्यू टीम ने चालक और क्लीनर के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है, लेकिन हादसे में क्षतिग्रस्त भारी-भरकम ट्राला अभी भी करीब 40 फीट नीचे पानी में पड़ा हुआ है। वाहन को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए जबलपुर से बड़ी क्षमता वाली क्रेन मंगाई गई है। ट्राले को नदी से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद वाहन की तकनीकी जांच से हादसे की परिस्थितियों को समझने में पुलिस को और मदद मिल सकती है। Damoh Road Accident

About The Author

Related Posts