पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में फंदे से लटका मिला छात्र का शव, मचा हड़कंप

जांच में जुटी पुलिस

Published On

चंडीगढ़, (हि.स.)। पंजाब यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल नंबर-4 में शनिवार रात 22 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र का शव उसके कमरे से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने खुदकुशी की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। मृतक की पहचान हरियाणा के पानीपत जिले के रहने वाले चैतन्य सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी के पांचवें वर्ष का विद्यार्थी था। Punjab University

परिजनों के फोन का नहीं मिला जवाब

बताया गया कि शनिवार को चैतन्य के परिवार के सदस्य उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद रात करीब 8 बजे उसके कुछ साथी हॉस्टल स्थित कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उन्होंने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

स्थिति को देखते हुए छात्रों ने दरवाजा खोला। कमरे के भीतर चैतन्य अचेत अवस्था में मिला। साथी छात्रों और हॉस्टल सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे तत्काल नीचे उतारा और एंबुलेंस के जरिए पीजीआई की आपातकालीन सेवा में ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। Punjab University

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और सीएफएसएल टीम

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने हॉस्टल पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। रात करीब पौने 11 बजे सीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की। टीम ने फिंगरप्रिंट समेत कई अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और कमरे में मौजूद कुछ अन्य सामान भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। प्रारंभिक जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात सामने आई है।

चैतन्य विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय बताया जा रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट आशीष बिनोई और हॉस्टल वार्डन डॉ. नवीन कुमार के अनुसार, चैतन्य का व्यवहार मिलनसार था और वह पढ़ाई के अलावा विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेता था। साथियों और शिक्षकों के अनुसार हाल के दिनों में उसके व्यवहार में ऐसा कोई स्पष्ट बदलाव नजर नहीं आया था, जिससे उसके किसी गंभीर परेशानी में होने का अनुमान लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच टीम चैतन्य के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और चैट की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। Punjab University

About The Author

Related Posts