बंद मकान से बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से फैली सनसनी, 6 दिन बाद खुला राज
हत्या और लूट की आशंका, किराएदार पर शक
Jhansi Double Murder: झांसी, (हि.स.)। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की गोविंदपुरी कॉलोनी में एक बंद मकान से बुजुर्ग दंपती के शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की मौत करीब पांच से छह दिन पहले होने की आशंका है। शव मकान में किराए पर दिए गए कमरे के फर्श पर मिले। हालत काफी खराब होने के कारण मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतकों की पहचान विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र के पुराबगरौनी गांव के निवासी थे और लंबे समय से झांसी में रह रहे थे। Jhansi News
मृतक दंपती का बेटा जगपाल अपने परिवार के साथ माता-पिता के घर से करीब दो किलोमीटर दूर रहता है। शनिवार शाम उसे मकान में रहने वाले किराएदार सतेंद्र ने फोन करके बताया कि काफी देर से घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है और दोनों के फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद जगपाल ने माता-पिता को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वह रात में गोविंदपुरी स्थित मकान पर पहुंचा। मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो उसने गेट फांदकर घर में प्रवेश किया। अंदर किराएदार के कमरे में उसके माता-पिता के शव पड़े मिले।
घर के अंदर बिखरा मिला सामान
जगपाल के अनुसार, मकान के अंदर अलमारी खुली हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त था। परिवार ने आरोप लगाया है कि घर में रखी नकदी और आभूषण भी नहीं मिले हैं। बेटे का दावा है कि उसकी मां ने पोती की शादी के लिए करीब दो लाख रुपये और कुछ गहने सुरक्षित रखने की बात कही थी। परिवार को आशंका है कि यह सामान भी गायब है। मुख्य दरवाजे पर लगा ताला भी परिवार के मुताबिक अलग था। इसी आधार पर परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या और लूट की आशंका की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। Jhansi News
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमरे से खून से सने दो तौलिए भी मिले हैं। इसके अलावा करीब आठ दिन पहले जगपाल अपने माता-पिता और किराएदार के साथ घर पर मौजूद था। उस दौरान खाना बनाया गया था और तीनों ने शराब पी थी। जगपाल के मुताबिक उसी दिन पैसों को लेकर उसकी मां से कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद वह अपने घर चला गया। पुलिस इन सभी परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाकर देख रही है।
किराएदार का मोबाइल बंद, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस के अनुसार सतेंद्र बस कंडक्टर का काम करता है और अक्सर दो-चार दिन के अंतराल पर कमरे पर आता-जाता था। शनिवार को उसी ने जगपाल को फोन करके दंपती के दरवाजा नहीं खोलने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद बताया जा रहा है।परिजनों ने सतेंद्र पर संदेह जताया है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है और उसे तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।
आईजी झांसी आकाश कुलहरि के अनुसार दोनों शव लगभग पांच से छह दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। शवों की स्थिति खराब होने के कारण प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण निर्धारित करना मुश्किल है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
एसओजी और थाना पुलिस की टीमें जांच में जुटीं
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी और थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। एसपी सिटी प्रीति सिंह को मामले में नोडल अधिकारी बनाया गया है। जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। पुलिस मृतक दंपती के संपर्क में रहने वाले लोगों, किराएदार और घटना के समय की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। Jhansi News