UP Weather News: यूपी के 32 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

आकाशीय बिजली से बचने की सलाह, जलस्तर बढ़ने के बीच प्रशासन भी सतर्क

Published On

UP Weather Alert Today: लखनऊ/प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 32 जिलों में बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई है। प्रयागराज समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। UP Weather News

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ बारिश होने और कुछ जगहों पर तेज गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

कुछ ही देर में बदल सकता है मौसम

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार वातावरण में नमी और मानसूनी गतिविधियों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में संवहनीय बादल विकसित हो रहे हैं। इसके चलते मौसम स्थानीय स्तर पर तेजी से करवट ले सकता है। उन्होंने बताया कि कुछ इलाकों में कम समय के भीतर तेज बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। गरज-चमक के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। UP Weather News

बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों, खेतों, तालाबों और नदियों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर निर्माण वाले स्थान गरज-चमक के समय सुरक्षित नहीं माने जाते। किसानों के लिए भी मौसम साफ होने तक खेतों में जरूरी कृषि कार्यों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से सिंचाई, उर्वरक डालने और कीटनाशकों का छिड़काव बारिश या बिजली चमकने के दौरान नहीं करने की अपील की गई है।

गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता

प्रयागराज में बारिश की संभावना ऐसे समय जताई गई है, जब गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में पहले ही वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे के दौरान दोनों नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है। जिला प्रशासन के मुताबिक फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित हैं और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। मौसम खराब होने की स्थिति में नागरिकों से स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और अनावश्यक रूप से नदी या खुले क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की अपील की गई है। खासकर आकाशीय बिजली की स्थिति में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। UP Weather News

About The Author

Related Posts