Sanitation Workers Strike Update: पुलिस-प्रशासन के साथ सफाई कर्मचारियों का जमकर हुआ हंगामा, 40 से अधिक हिरासत में
भारी पुलिस बल के साथ कचरा उठाने उतरा प्रशासन
Sanitation Workers Strike: फतेहाबाद, (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा/सुनील वर्मा)। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के 24वें दिन शनिवार शाम शहर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ कचरा उठाने के लिए सड़कों पर उतरा। शाम करीब 6 बजे पुलिस लाइन से सैकड़ों पुलिस जवानों का काफिला भूना रोड स्थित मुख्य डंपिंग पॉइंट पर पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही 50 से अधिक हड़ताली सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और कचरा पॉइंट को घेरकर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। Sanitation Workers Strike Update
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्मचारियों को मौके से हटने की चेतावनी दी, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस वाहनों में बैठाकर पुलिस लाइन भेज दिया। पुरुष कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद महिला सफाई कर्मचारी भी विरोध में आगे आ गईं।
महिलाओं ने कचरा उठाने वाली गाड़ियों के सामने खड़े होकर रास्ता रोक दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्हें हिरासत में लेने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामा और तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा। बाद में महिला पुलिस कर्मियों की मदद से प्रदर्शनकारी महिलाओं को भी पुलिस वाहनों में बैठाकर पुलिस लाइन भेजा गया।
जेसीबी और ट्रालियों की मदद से उठाया कचरा
कर्मचारियों को हिरासत में लेने के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने जेसीबी और ट्रालियों की मदद से कचरा उठाने का काम शुरू करवाया। भूना रोड डंपिंग पॉइंट से कचरा उठाने के बाद टीम पुराना बस स्टैंड सहित शहर के अन्य प्रमुख कचरा पॉइंटों पर पहुंची और देर शाम तक सफाई अभियान जारी रहा। Sanitation Workers Strike Update
कार्रवाई की कमान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतपाल रोहज, नगर परिषद के डीएमसी प्रवीण कुमार और डीएसपी संजय बिश्नोई ने संभाली। प्रशासन का कहना है कि शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने से आमजन को परेशानी हो रही है, इसलिए स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। वहीं, सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई के बाद कर्मचारियों और प्रशासन के बीच टकराव और बढ़ने की संभावना बनी हुई है। Fatehabad News
कूड़ा उठाने पहुंची गाड़ियों को रोका, टायरों की हवा निकाली
सरसा। सफाई कर्मचारियों की छह अगस्त से जारी हड़ताल शनिवार को 24वें दिन भी जारी रही। शहर में जमा कूड़ा उठाने पहुंची प्रशासन की जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों का हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध किया। कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने में लगी ट्रैक्टर-ट्रालियों के टायरों की हवा निकाल दी और वाहनों के आगे खड़े होकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी व धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने करीब 20 प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच शहर से कूड़ा उठाने का काम जारी रखा गया। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। पिछले कई दिनों से बाजारों, मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। कूड़ा घरों के बाहर भी कचरा सड़कों तक फैल गया है, जिससे लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। Sanitation Workers Strike Update
शनिवार को प्रशासन ने मुख्य डाकघर के समीप बने कूड़ा घर से जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों के माध्यम से कचरा उठाने की कार्रवाई शुरू की। इसकी सूचना मिलते ही हड़ताली सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी कर्मचारी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के आगे खड़े हो गए तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि विरोध के दौरान कर्मचारियों ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों को आगे बढ़ने से रोका और ट्रैक्टर-ट्रालियों के टायरों की हवा निकाल दी।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू कराने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस पहरे में कचरा उठाने का काम जारी रहा। शहर में इससे पहले भी प्रशासन ने पुलिस की मदद से कुछ स्थानों से कूड़ा उठवाया था, लेकिन हड़ताल जारी रहने के कारण कई इलाकों में फिर से कूड़े के ढेर लग गए हैं। लगातार बढ़ रही गंदगी से आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।नगर परिषद प्रधान के कार्यालय के सामने फेंका कूड़ा Sanitation Workers Strike Update
शनिवार सुबह हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रधान शांति स्वरूप के कार्यालय के सामने कूड़ा फेंककर अपना विरोध जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना था कि उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय प्रशासन पुलिस के बल पर सफाई व्यवस्था शुरू कराने का प्रयास कर रहा है। कर्मचारियों ने मांगों के समाधान की मांग दोहराई और आंदोलन जारी रखने की बात कही।
शहर में जगह-जगह गंदगी, लोगों की बढ़ी परेशानी
24 दिनों से जारी हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। शहर के बाजारों, मुख्य मार्गों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हैं। कई कूड़ा घरों के बाहर कचरा फैलकर सड़क तक पहुंच गया है। बदबू और गंदगी के कारण आसपास के दुकानदारों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। Sanitation Workers Strike Update
