Cleanliness Campaign: सफाई कर्मचारी हड़ताल पर तो विधायक खुद कचरा उठाने उतरे, कूड़े की गाड़ी में बैठकर बाजार में किया जागरूक

सफाई कर्मचारी हड़ताल पर तो विधायक खुद कचरा उठाने उतरे, कूड़े की गाड़ी में बैठकर बाजार में किया जागरूक

Published On

सोनीपत, सच कहूं।  शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शनिवार को विधायक देवेंद्र कादियान खुद सड़क पर झाड़ू लेकर उतर गए। स्वच्छ गन्नौर-स्वस्थ गन्नौर मुहिम के तहत नगरपालिका रोड पर मॉडल संस्कृति स्कूल के पास विधायक ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और वॉलंटियर्स के साथ सफाई की। सड़क किनारे जमा कूड़ा उठाने के बाद विधायक उसी कचरा गाड़ी में सवार होकर जीटी रोड से रेलवे स्टेशन तक पहुंचे। रास्ते में दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों से सड़क पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की।

विधायक बोले- मैंने भी संस्था के बाहर से उठाया कचरा--

विधायक कादियान ने कहा कि शहर को साफ रखना सिर्फ सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी देवा संस्था के बाहर से भी खुद कचरा उठाया, ताकि लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में शहरवासियों को कचरा फैलाने से बचना चाहिए।

शिव पार्क में सफाई कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन--

अभियान के बाद शिव पार्क में जनसमस्या सुन रहे विधायक कादियान को हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने की मांग रखी। विधायक ने उन्हें भरोसा दिया कि उनके हकों और मांगों की आवाज सरकार के सामने उठाई जाएगी। कादियान ने कहा कि प्रदेशभर में सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं और सरकार मामले को लेकर गंभीर है।

About The Author

Related Posts