India News: चौथा व‍िमान भी पहुंचा काठमांडू! नेपाल के साथ खड़ा है भारत: व‍िदेश मंत्रालय

11 टन राहत सामग्री लेकर चौथा विमान काठमांडू पहुंचा

Published On

India Nepal Relief Operation: नई दिल्ली (एजेंसी)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान में भारत लगातार सहयोग कर रहा है। इसी कड़ी में 11 टन राहत सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना का चौथा विमान काठमांडू पहुंचा। भारत ने राहत सामग्री के साथ खोज एवं बचाव कार्यों में मदद के लिए विशेषज्ञ दल भी भेजे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि चौथी खेप की राहत सामग्री नेपाल के संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। India News

राहत सामग्री में जरूरी सामान शामिल

भारत की ओर से भेजी गई चौथी खेप में आपदा प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक सामग्री शामिल है। इसमें कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी वस्तुएं भेजी गई हैं। इसके अलावा खोज एवं बचाव अभियान के लिए आवश्यक उपकरण भी भेजे गए हैं। भारत ने सुरंग बचाव कार्यों में तकनीकी सहयोग देने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी नेपाल भेजी है।

आपदा के बाद पहचान संबंधी प्रक्रिया में सहयोग के लिए भारत की ओर से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी भेजी गई है। टीम डीएनए जांच से संबंधित कार्यों में नेपाली अधिकारियों की सहायता करेगी। भारत की ओर से अब तक हवाई मार्ग के जरिए नेपाल को कुल 68.5 टन राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है।

बाढ़ वाले दिन ही पहुंचाई गई पहली खेप

नेपाल में अचानक बाढ़ आने के दिन यानी 26 अगस्त 2026 को भारतीय वायुसेना के सी-130जे हरक्यूलिस विमान ने करीब 10 टन आपातकालीन राहत सामग्री पहुंचाई थी। इसमें अस्थायी आश्रय सामग्री, कंबल, स्वच्छता किट, सौर लैंप और दवाइयां शामिल थीं। इसके अगले दिन 27 अगस्त को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से 37.5 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी गई। इसमें तंबू, कंबल, हाइजीन किट, सौर लैंप, जल निकासी पंप, रसोई उपकरण और जनरेटर समेत अन्य सामान था। इस खेप में दवाइयां और खाद्य सामग्री भी शामिल थी।

28 अगस्त को सी-130जे हरक्यूलिस विमान से भारतीय सेना की पांच सदस्यीय सुरंग बचाव टीम और छह सदस्यीय चिकित्सा दल को नेपाल पहुंचाया गया। इसी उड़ान के जरिए करीब 10 टन अतिरिक्त राहत सामग्री भी भेजी गई। इस सामग्री में पोर्टेबल जनरेटर, डिग्निटी किट, खाद्य सामग्री, पानी शुद्ध करने वाली गोलियां और दवाइयां शामिल थीं। प्रभावित क्षेत्रों में सुरंग बचाव से जुड़े तकनीकी दल ने काम शुरू कर दिया है। India News

क्षतिग्रस्त पुलों को भी दुरुस्त करेगा भारत

बाढ़ से प्रभावित नेपाल में संपर्क व्यवस्था बहाल करने के लिए भारत पुल निर्माण में भी सहयोग कर रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक 230 फुट लंबे सिंगल-लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से लदे 16 ट्रक नेपाल पहुंच चुके हैं।

इसके अलावा सात और बेली ब्रिज स्थापित करने के लिए जरूरी उपकरण भी भेजे जाने की तैयारी है। इन पुलों को स्थापित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें भी नेपाल भेजी जाएंगी। भारत का यह राहत अभियान नेपाल में मानवीय सहायता के साथ-साथ बचाव, चिकित्सा, तकनीकी सहयोग और बुनियादी संपर्क व्यवस्था को बहाल करने पर केंद्रित है। India News

About The Author

Related Posts