प्रदूषण के मुद्दे पर कण्डेला में पंचायत, ग्रामीणों का आरपार की लड़ाई का ऐलान
फैक्ट्री संचालकों एवं अधिकारियों से वार्ता हेतु गठित किया गया प्रतिनिधि मंडल
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे पर कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा व जगनपुर के ग्रामीण एकजुट नजर आए। ग्रामीणों ने गांव कण्डेला के प्राचीन शिव मंदिर में पंचायत करके प्रदूषण के मसले पर संवैधानिक रूप से आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। फैक्ट्री संचालकों एवं अधिकारियों से वार्ता के लिए ग्रामीणों के प्रतिनिधि का गठन किया गया है, जिसमें गांवों के प्रधान एवं बौद्धिक लोग शामिल रहेंगे।
रविवार को ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला के प्राचीन शिव मंदिर के प्रांगण में ग्रामीणों की एक पंचायत आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों से फैल रहे वायु एवं भू-जल प्रदूषण पर गहन चर्चा हुई। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कुछ फैक्ट्रियां प्रदूषण के नियमों की धज्जियां उड़ाकर हवा में जहर घोलने का काम कर रही है। इन फैक्ट्रियों के संचालक अपने निजी लाभ के लिए वायु व भू-जल को दूषित कर रहे है, जिससे क्षेत्रीय बाशिंदों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन जांच कराकर इन फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्यवाही करें। ऐसा न होने पर वह आंदोलन को मजबूर होंगे।
पंचायत के दौरान प्रदूषण के मुद्दे पर फैक्ट्री संचालकों व अधिकारियों से वार्ता के लिए एक प्रतिनिधिमंडल गठित किया गया, जिसमें कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा, जगनपुर, ऐरटी व भूरा के ग्राम प्रधान व बुद्धिजीवी लोगो को शामिल किया गया। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि प्रशासन इस मसले पर गम्भीरता नही दिखाता तो फैक्ट्रियों के सामने धरना-प्रदर्शन से भी पीछे नही हटा जाएगा। इस मौके पर विश्वास चौहान, जसबीर सिंह, अवनीश मास्टर, शिवम चौहान, सूरज चौहान, दीपक चौहान, राहुल चौहान, रजत शर्मा, शराबला सिंह, सोनू चौहान, रविन्द्र चौहान, लीलू बीडीसी, गोपाल, राजेन्द्र आदि मौजूद रहे।