शरीरदानी प्रेमी हरबंस लाल खनेजा की पुण्यतिथि पर पौधारोपण कर दी श्रद्धांजलि
पर्यावरण प्रेमी थे स्वर्गीय हरबंस लाल खनेजा, पौधारोपण अभियानों में निभाते थे अग्रणी भूमिका; परिजनों ने जरूरतमंद परिवार की मदद कर पेश की इंसानियत की मिसाल
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: स्थानीय तलवाड़ा रोड स्थित डेरा सच्चा सौदा मानवता भलाई केंद्र जाखल में रविवार को शरीरदानी प्रेमी हरबंस लाल खनेजा की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सेवा भावना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके सुपुत्र दीपक खनेजा एडवोकेट एवं धर्मपत्नी कैलाश रानी ने नामचर्चा घर परिसर में पौधारोपण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही गुरु प्रेरणाओं पर चलते हुए एक जरूरतमंद गरीब परिवार की आर्थिक मदद कर मानवता भलाई का संदेश दिया।
प्रकृति और पौधों से था गहरा लगाव
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय हरबंस लाल खनेजा को प्रकृति और पौधों से विशेष लगाव था। डेरा सच्चा सौदा द्वारा आयोजित महा-पौधारोपण अभियानों में वे हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते थे। समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने वाले हरबंस लाल खनेजा ने मरणोपरांत अपना शरीर दान कर चिकित्सा जगत और समाज के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
पुण्यतिथि पर परिजनों ने आगे बढ़ाई सेवा की परंपरा
पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने उनकी स्मृति में त्रिवेणी सहित छायादार पौधे लगाए और उनकी देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद जरूरतमंद गरीब परिवार को राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
स्थानीय साध-संगत एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने खनेजा परिवार के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, शरीरदान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि हरबंस लाल खनेजा की स्मृति में किए गए ये परमार्थ कार्य उनकी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।