सुप्रीम कोर्ट जाएगी पंजाब सरकार, सोमवार को हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

हाईकोर्ट में सुप्रीम कोर्ट का रुख करने संबंधी भी दी जा सकती है जानकारी

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँँ/अश्वनी चावला)। Punjab News; महंगाई भत्ते को लेकर पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और सरकार के बीच शुरू हुई खींचतान के मामले में कल सोमवार का दिन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, आज पंजाब सरकार के मुख्य सचिव की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की डबल बेंच के समक्ष हलफनामा दाखिल किया जाना है। इस हलफनामे के माध्यम से यह बताना होगा कि हाईकोर्ट के फैसले को लागू किया गया है या नहीं। यदि फैसला लागू नहीं किया गया है तो इसके कारणों की जानकारी भी देनी होगी। इसी हलफनामे के माध्यम से पंजाब सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट का रुख करने संबंधी फैसले की जानकारी भी हाईकोर्ट को दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि अगले 1-2 दिनों में पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकती है। ऐसे में सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सरकारी कर्मचारियों की नजरें टिकी रहेंगी।

जानकारी के अनुसार, पंजाब में सरकारी कर्मचारियों को केन्द्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई भत्ते की तुलना में 18 प्रतिशत कम महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार के अधीन आने वाले सरकारी कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को केवल 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है। इस मामले में पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सिंगल बेंच और फिर डबल बेंच ने पंजाब सरकार के कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाया था। डबल बेंच ने 3 अगस्त को आदेश दिया था कि 15 दिनों के भीतर महंगाई भत्ते का पूरा बकाया जारी करते हुए फैसले को लागू किया जाए। इसके बाद 31 अगस्त को मुख्य सचिव द्वारा हलफनामा दाखिल किया जाना था कि सभी विभागों में इस फैसले को लागू करवा दिया गया है।

अब सोमवार, 31 अगस्त को इस मामले में मुख्य सचिव द्वारा अपना हलफनामा दाखिल किया जाना है। इसी हलफनामे में सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट का रुख करने का उल्लेख भी किया जा सकता है। दूसरी ओर, पंजाब सरकार से जुड़े सूत्रों के अनुसार सरकार ने इस संबंध में फैसला कर लिया है कि वह सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी और अगले 1-2 दिनों में ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी जाएगी।

About The Author

Related Posts