शिवाजी प्रेस क्लब ने बिलासपुर में चलाया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान; पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का दिया संदेश
विश्रामगृह में पौधे लगाकर मनाया गया रुद्र प्रताप का जन्मदिन, 7 सितंबर से ‘नशे से जंग-यमुनानगर पुलिस के संग’ अभियान की होगी शुरुआत
व्यासपुर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Vyaspur News: पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई मुहिम ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत शिवाजी प्रेस क्लब ने अपना चौथा पौधारोपण कार्यक्रम बिलासपुर के विश्रामगृह में आयोजित किया। यह पौधारोपण रुद्र प्रताप सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर ऋषिपाल शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर मंडल अध्यक्ष नरेश सैनी, साढौरा वन रेंज अधिकारी कृष्ण कुमार तथा अध्यक्षता ग्राम पंचायत बिलासपुर की सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना ने की। शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान के नेतृत्व में सभी अतिथियों का पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
पर्यावरण सुरक्षित तो हमारा जीवन सुरक्षित: इंजीनियर ऋषिपाल
मुख्य अतिथि इंजीनियर ऋषिपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के खुशी के पलों और खास अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हमारी प्रकृति हरी-भरी रहेगी, तभी सभी को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलेगी और वातावरण प्रदूषण मुक्त रहेगा, जिससे हम सभी स्वस्थ सांस ले सकेंगे। इस अवसर पर रुद्र प्रताप सिंह के जन्मदिन पर केक काटकर शुभकामनाएं भी दी गईं।
सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभा रहा शिवाजी प्रेस क्लब: नरेश सैनी
विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष नरेश सैनी ने क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिवाजी प्रेस क्लब निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे प्रयास समाज को नई दिशा दे रहे हैं। वहीं, वन रेंज अधिकारी कृष्ण कुमार ने क्लब को विश्वास दिलाया कि पर्यावरण संरक्षण के इस नेक कार्य में वन विभाग की ओर से पौधों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
7 सितंबर से शुरू होगा ‘नशे से जंग यमुनानगर पुलिस के संग’ अभियान
शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब लगातार समाजहित के कार्यों में सक्रिय है। इसी कड़ी में जिला पुलिस कप्तान कमलदीप गोयल के नेतृत्व में ‘नशे से जंग यमुनानगर पुलिस के संग’ अभियान की शुरुआत 7 सितंबर को देवधर से की जाएगी। इसके उपरांत 11 सितंबर को बुढ़िया स्थित पीर जी हुसैन अहमद के मदरसे में पौधारोपण और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम होगा। इसके बाद कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित संत निश्चल सिंह स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे रोपे जाएंगे। क्लब यमुनानगर के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी इस मुहिम को निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर रामकिशन कश्यप, सुखविंदर कश्यप, प्रीति सैनी, रवि कुमार, राशिद निराला, पंकज बतरा, सरदारी लाल, रुद्र प्रताप सिंह चौहान, नितिन सिंगला, अंतिम प्रजापति, सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना, ग्राम सचिव विजयंत नेहरा, दरोगा मानसिंह, और अयूब खान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।