Leopard News: आतंकी तेंदुए की दहशत से लोगों ने ली चैन की साँस
बिजनौर में तेंदुए से काफी परेशान थे ग्रामीण
बिजनौर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में गुलदार की मौजूदगी से परेशान ग्रामीणों को सोमवार सुबह राहत मिली। नांगल सोती थाना क्षेत्र के सोफतपुर गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार फंस गया। सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि खेत में लगाए गए पिंजरे में गुलदार को देखकर खेत मालिक सुरेश पाल और अन्य ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। Leopard News
जानकारी मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को पिंजरे समेत राजगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय ले गई। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिंजरे में कैद हुआ गुलदार नर है और उसकी उम्र लगभग तीन वर्ष है। अधिकारियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गुलदार को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।
कई दिनों से इलाके में दिख रहा था गुलदार
ग्रामीणों के अनुसार सोफतपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार देखी जा रही थीं। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग ने करीब तीन से चार दिन पहले सुरेश पाल के खेत में गुलदार को पकड़ने के उद्देश्य से पिंजरा लगाया था। पिंजरे में गुलदार के फंसने के बाद ग्रामीणों के बीच बना डर कुछ कम हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई बार गुलदार दिखाई दे चुके हैं। पकड़ा गया गुलदार भी कुछ दिन पहले आसपास के इलाके में देखा गया था। Leopard News
गौतम, अरुण, विनीत, राजकुमार और पुष्पेंद्र राणा समेत ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में गुलदारों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में दोबारा पिंजरा लगाया जाए और गुलदारों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
गुलदार को सुरक्षित तरीके से पिंजरे में ले जाने के दौरान राजगढ़ वन क्षेत्र अधिकारी देव ऋषि सक्सेना, उपक्षेत्र वन अधिकारी महिपाल सिंह, वन दरोगा मदनपाल और शिवम कुमार समेत वनकर्मी जसवीर, पवन, महावीर सिंह और बबलू सिंह मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग अब उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार गुलदार को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई करेगा। Leopard News