बेवजह आमजन की पेंशन काट कर परेशान करना बंद करे सरकार: इन्दुराज 

बेवजह आमजन की पेंशन काटकर परेशान करना बंद करे सरकार: इन्दुराज 

Published On

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: विधायक इन्दुराज नरवाल ने पेंशन, सिंचाई, माइनरों की सफाई, ग्रामीण रास्तों, बाढ़ की निकासी, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय तथा विधानसभा में विपक्ष के साथ कथित भेदभाव सहित अनेक जनहित के मुद्दो को लेकर सरकार पर किया हमला। विधायक  ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गलत तरीके से बुढ़ापा पेंशन या अन्य कोई पेंशन बनाई गई है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए आमजन को जिम्मेदार ठहराकर उनकी पेंशन रोकना या काटना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष छह महीने में ब्लॉक गोहाना में 3,655, ब्लॉक कथूरा में 8,240 तथा ब्लॉक मुंडलाना में 11,211 लोगों की पेंशन काटी या रोकी गई है।

सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में पेंशन क्यों काटी या रोकी गई।  विधायक ने विधानसभा के मानसून सत्र में सिवानका माइनर और रोहतक डिस्ट्रीब्यूटरी सहित सिंचाई व्यवस्था से जुड़े मुद्दे को उठाते हुए कहा कि हलका बरोदा के किसानों के सिंचाई के पानी को रोकने या कम करने की किसी भी प्रकार की नीति स्वीकार नहीं की जाएगी।  विधायक ने कहा कि मंत्री कृष्ण बेदी ने सदन में दावा किया कि पिछले वर्ष की तुलना में हलका बरोदा को 12 प्रतिशत अधिक सिंचाई का पानी दिया गया है। इस पर विधायक ने कहा कि हलका बरोदा का सिंचाई के पानी पर जितना हक बनता है, उतना पानी दे दीजिए—आपका धन्यवाद होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को आंकड़ों की बाजीगरी नहीं चाहिए, बल्कि उनके खेतों तक पर्याप्त और समय पर पानी पहुंचना चाहिए।

विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा माइनरों की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा किया गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि गंगेसर माइनर, बुटाना डिस्ट्रीब्यूटरी और जवाहरा माइनर सहित कई माइनरों की सफाई किसानों ने खुद अपने स्तर पर की है।  विधायक ने कहा कि सदन में यह दावा किया गया कि किसानों की ओर से पानी न मिलने और माइनरों की सफाई न होने को लेकर अधिकारियों के पास कोई शिकायत नहीं आई। उन्होंने कहा कि यह दावा जमीनी सच्चाई के बिल्कुल विपरीत है। किसान लगातार अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के पास जाते रहे हैं और पानी की मांग को लेकर किसान ट्रॉलियां भरकर एसडीएम कार्यालय, गोहाना तक पहुंचे हैं।

Sonipat News (2)
Sonipat News: बेवजह आमजन की पेंशन काटकर परेशान करना बंद करे सरकार इन्दुराज 

About The Author

Related Posts