पालिका का सफाई अभियान जारी, कांधला मार्ग पर पड़े गंदगी के ढेर उठवाए
इस्सापुर खुरगान मार्ग पर कराया गया नाला साफ़
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नगर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद का सफाई अभियान लगातार जारी है। बुधवार को कांधला मार्ग के किनारे एक प्लॉट में जमा गंदगी एवं कूड़े के ढेरों को जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से हटवाया गया। मशीनों से कूड़ा एकत्र कर डंपरों में भरकर डंपिंग ग्राउंड में भेजा गया है।
पालिका की ओर से पिछले कई दिनों से नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कांधला मार्ग पर सड़क किनारे स्थित प्लॉट में बड़ी संख्या में कूड़े के ढेर व गंदगी जमा थी। बुधवार को पालिका की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी व पोकलेन मशीनों से सफाई कार्य शुरू कराया। प्लाट में पड़े कचरे को डंपरों से डंपिंग ग्राउंड में पहुंचाया गया।
वहीं, कस्बे के इस्सापुर खुरगान मार्ग पर भी नाले की साफ-सफाई कराई गई। सफाई कर्मचारियों ने नाले में जमा कचरा एवं सिल्ट बाहर निकाली ताकि जल निकासी की व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इससे पूर्व भी, पालिका की टीम कस्बे के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई करा चुकी है। नगरपालिका में तैनात सफाई लिपिक मोहम्मद असलम ने बताया कि नगर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
.jpg)