शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला अब राम मंदिर ट्रस्ट में निभाएंगी अपनी जिम्मेदारी
परिवार का वर्षों पुराना नाता रहा है आरएसएस से, पति राम मंदिर आंदोलन रहे थे सक्रिय
फिरोजाबाद (सच कहूँ/विकास पालीवाल)। Firozabad News: नगर शिकोहाबाद के लिए बुधवार का दिन गौरव का रहा। शहर से जुड़ी शिक्षाविद् डॉ. निर्मला यादव को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया सदस्य चुना गया है। अयोध्या में हुई ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में तीन नए सदस्यों के नाम सामने आए, जिनमें शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव भी शामिल हैं। उनके साथ महेश भागचंदका और मदन मोहन पांडेय को भी ट्रस्ट में नई जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. निर्मला यादव का शिकोहाबाद से लंबे समय से जुड़ाव रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वह शहर के बीडीएम कॉलेज में प्राचार्या के पद पर रह चुकी हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद के एमजी डिग्री कॉलेज में भी प्राचार्या के रूप में उन्होंने लगभग 14 साल तक जिम्मेदारी संभाली। शिक्षा जगत में लंबे अनुभव के बाद अब उन्हें देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं में से एक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में जिम्मेदारी मिलना शिकोहाबाद के लिए खास उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ निर्मला यादव बीडीएम डिग्री कॉलेज में हिंदी विभाग की प्रवक्ता थी। उसके बाद वह बीडीएम डिग्री कॉलेज की प्राचार्य बनी। वह 13 अगस्त 1999 से जनवरी 2006 तक कॉलेज में प्राचार्य रही। उसके बाद उनको महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज फिरोजाबाद की प्राचार्य बनी। वह 2021 तक वहां प्राचार्य रही। उसके बाद वह सेवानिवृत्त होकर विभिन्न सेवाओं में लगी हुई थी। उसके पति हरेंद्र यादव उर्फ बाबा भाजपा में जिला उपाध्यक्ष रहे , जिनको शिकोहाबाद में भाजपा को मजबूत करने का श्रेय जाता है। उनकी एक बेटी स्वेता है वो अभी बेटी के साथ जयपुर में ही रह रही हैं।