विधायक गज्जण माजरा ने 40 लाख की लागत से बनने वाले स्टील शेड का किया उद्घाटन
शेड बनने से किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को मिलेगी बड़ी सुविधा: गज्जण माजरा
अमरगढ़ (सच कहूँ/सुरेन्द्र सिंगला)। Amargarh News: अमरगढ़ की अनाज मंडी में किसानों, मजदूरों और आढ़तियों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को ध्यान में रखते हुए बुधवार को विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जण माजरा ने करीब 50 गुणा 100 फुट आकार के और लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्टील शेड का उद्घाटन किया। इस दौरान मार्केट कमेटी के अधिकारियों, आढ़तियों, मजदूरों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने विधायक का स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जण माजरा ने कहा कि अनाज मंडी में स्टील शेड बनने से किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंडी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को मौसम खराब होने के कारण कई बार भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
नए शेड के बनने से फसल को बारिश और तेज गर्मी से बचाने में मदद मिलेगी, जिससे किसानों की मेहनत और फसल दोनों सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले समय दौरान बारिश के कारण मंडी में पड़ी मक्के की फसल के नुकसान का मामला भी सामने आया था। इस तरह की समस्या को दोबारा पैदा होने से रोकने के लिए शेड एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मंडियों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरप्रीत सिंह नंगल ने कहा कि शेड से फसलों को बारिश के कारण होने वाले नुकसान से बचाने के साथ-साथ मंडी में काम करने वाले मजदूरों को भी मौसम की मार से राहत मिलेगी। इस अवसर पर एम.सी. स्वर्ण सिंह, दीपक, प्रिंस जोशी, दर्शन कुमार, बलदेव कुमार, श्रद्धा राम, सरबजीत सिंह गोगी, सरपंच नरेश कुमार व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।