समाज सेवा के लिए बढ़ाया फतेहाबाद के इन समाजसेवियों ने सहयोग का हाथ
जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में डॉ. सिवाच और विनोद सोनी ने भेंट किए बर्तन, कपड़े और आभूषण
फतेहाबाद, (सच कहूँ न्यूज)। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. वीरेंद्र सिंह सिवाच और समाजसेवी विनोद सोनी ने स्वामी नगर निवासी एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करते हुए जरूरत के बर्तन, कपड़े और आभूषण भेंट किए। दोनों समाजसेवियों ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
डॉ. वीरेंद्र सिंह सिवाच और विनोद सोनी लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करते आ रहे हैं। उनके अनुसार अब तक 400 से अधिक गरीब बेटियों के विवाह में बर्तन, गृहस्थी का जरूरी सामान और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र सिंह सिवाच ने कहा कि बेटियां पूरे समाज की धरोहर हैं। जरूरतमंद परिवार की बेटी का विवाह सकुशल संपन्न करवाने में सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पूर्व सरपंच मनोहर लाल, राजकुमार, गोपाल, बलबीर राजपूत, विजय राजपूत, कृष्ण, सोनू गोदारा और देवीलाल निमड़िया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।