पिता को छुड़ाने पहुंचे बेटे पर ईंट से हमला, सिर-गर्दन में लगी चोट
भाई पर नशे का कारोबार करने का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और परिवार समेत जान से मारने की धमकी
हनुमानगढ़। रामसरा नारायण गांव में पिता के साथ हो रही मारपीट को छुड़ाने पहुंचे एक व्यक्ति पर उसके ही भाई की ओर से ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर और गर्दन पर चोट लगने से खून निकल आया। पीड़ित ने अपने भाइयों पर नशे का कारोबार करने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, रामसरा नारायण निवासी राजूराम (45) पुत्र जैलाराम लुहार ने टाउन थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई भादर, मलकीत व सुमन नशे का काम करते हैं। वह इसका विरोध करता है तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। आरोपी उसके माता-पिता, भाई और बहनों के साथ भी मारपीट करते हैं तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। 29 अगस्त की शाम करीब 7 बजे आरोपी उसके मकान के पास उसके पिता के साथ मारपीट कर रहे थे।
राजूराम अपने पिता को छुड़ाने के लिए पहुंचा तो मलकीत ने पास पड़ी ईंट उठाकर उस पर हमला कर दिया, जिससे ईंट उसके सिर और गर्दन पर लगी और खून निकल आया। मौके पर मौजूद उसके बेटे दीपू के साथ भी मारपीट की। घायल राजूराम को उसकी बहनें राजकीय चिकित्सालय लेकर गईं, जहां उसका उपचार कराया गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी अब भी खुलेआम उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उसने आरोपियों से अपनी और परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल मानसिंह को सौंपी है। Hanumangarh News
खेत में पानी लगाने को लेकर किसान से मारपीट, जातिसूचक गालियां देने का आरोप
हनुमानगढ़। चक 20 एचएमएच रामसरा नारायण में खेत में पानी लगाने को लेकर एक किसान के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और फसल को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों पर खेत में जबरन घुसकर लाठी-डंडों और सरियों से हमला करने का आरोप लगाते हुए टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार, चक 20 एचएमएच रामसरा नारायण निवासी भंवरलाल (45) पुत्र नंदराम बावरी ने टाउन थाने में रिपोर्ट दी।
रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी कृषि भूमि पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित के अनुसार, 26 अगस्त की देर रात करीब 11.30 बजे वह अपने खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान खेत पड़ोसी साहिल पुत्र संदीप बुडानिया, संदीप पुत्र कृष्णलाल बुडानिया निवासी थेड़ी गंगानी तथा इन्द्राज पुत्र सूरजाराम बावरी निवासी चक 20 एचएमएच वहां पहुंचे। आरोप है कि पानी लगाने की रंजिश को लेकर तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध किया तो आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट की।
आरोपी जबरन खेत में घुस गए और फसल को नुकसान पहुंचाते हुए खेत में चल रहे पानी को बंद कर दिया। आरोपियों ने उसे अपमानित करते हुए उसकी जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और बराबरी नहीं करने की धमकी दी। शोर सुनकर प्रहलाद और हजारीराम मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित को आरोपियों से छुड़ाया। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि इस बार तो वह बच गया, लेकिन भविष्य में खेत में दिखाई देने पर उसे जान से मार देंगे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं तथा एससीएसटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान वृत्ताधिकारी मीनाक्षी सहारण को सौंपा गया है। Hanumangarh News