जिला जेल में टाइल के नीचे मिले दो मोबाइल फोन

दोनों में बैटरी और डाटा केबल भी मिले, अज्ञात के खिलाफ कारागार अधिनियम में एफआईआर

Published On

हनुमानगढ़। जिला कारागृह में तलाशी अभियान के दौरान शौचालय की टूटी हुई टाइल के नीचे छिपाकर रखे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जेल प्रशासन की ओर से मामले में हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। जिला कारागृह के प्रहरी रामनारायण (40) पुत्र हरचन्दराम बिश्नोई निवासी वीपीओ बाडा भाडवी तहसील बागौड़ा जिला जालौर की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार 30 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक अधीक्षक के आदेश पर कारापाल राजेश कुमार मीना, उपकारापाल बलजीत गोदारा, सहायक कारापाल बलकरण सिंह, रिलीफ इंचार्ज कमलेश मीणा, तलाशी स्टाफ प्रहरी धर्मपाल व प्रहरी विवेक ने ड्यूटी स्टाफ के साथ वार्ड नंबर 4 की बैरक नंबर 6 में तलाशी अभियान चलाया। Hanumangarh News

इस दौरान शौचालय की टूटी हुई टाइल के नीचे छिपाकर रखे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। तलाशी के दौरान एक गुलाबी रंग और दूसरा ग्रे रंग का कचौड़ा कंपनी का मोबाइल फोन मिला। दोनों मोबाइल फोन बैटरी सहित थे और इनके साथ दो डाटा केबल भी बरामद हुईं। बरामद मोबाइल के आईएमईआई नंबर और सिम नंबर उपलब्ध नहीं मिले। जेल प्रशासन ने दोनों मोबाइल फोन, बैटरी और डाटा केबल की फर्द जब्ती तैयार कर सामग्री को सुरक्षित रूप से पुलिस कार्रवाई के लिए भेजा।

रिपोर्ट में बरामद मोबाइलों फोन के कॉल रिकॉर्ड प्राप्त कर यह जांच कराने का अनुरोध किया गया है कि इनका किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल तो नहीं किया गया। रिपोर्ट के आधार पर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना में धारा 42 कारागार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक इकबाल पठान को सौंपी गई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के इस्तेमाल, उनके धारकों तथा जेल के अंदर मोबाइल फोन पहुंचने के संबंध में जांच करेगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts