पत्नी ने की शिकायत तो पति का निकला कथित बांग्लादेशी कनेक्शन, गिरफ्तार

घरेलू हिंसा की जांच में खुलासा! दिल्ली पुलिस ने फर्जी दस्तावेज मामले में की कार्रवाई

Published On

नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में घरेलू हिंसा की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस के सामने एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों के जरिए भारत में रहने और बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ घरेलू हिंसा, कथित बहुविवाह और नाबालिग से जुड़े मामले में भी कानूनी कार्रवाई की गई है। Delhi News

पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को आदर्श नगर थाने में घरेलू विवाद से संबंधित पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। शिकायत करने वाली महिला ने अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया। पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसे संदेह है कि उसका पति भारतीय नागरिक नहीं है और कथित तौर पर पहचान संबंधी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रहा है।

इसके बाद 28 अगस्त को महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए। महिला ने अपने पति पर पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाने और एक से अधिक विवाह करने का भी आरोप लगाया। दस्तावेजों में सामने आया अलग पता पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए कथित विवाह दस्तावेजों में आरोपी का नाम मोहम्मद अत्रुल रहमान और उसके पिता का नाम मोहम्मद अब्दुल दर्ज है। दस्तावेज में उसका पता बांग्लादेश के सतखीरा जिले के अलीपुर क्षेत्र का बताया गया है।

महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी की पहले शादी शाइस्ता परवीन से हुई थी और वह उसकी दूसरी पत्नी है। इसके अलावा आरोपी द्वारा बांग्लादेश के सतखीरा निवासी मनिरा खातून से तीसरी शादी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के जरिए की जानी बाकी है। Delhi News

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों और शुरुआती जांच के आधार पर 30 अगस्त को आदर्श नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 14, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत के समक्ष पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जांच के अगले चरण में पुलिस आरोपी की वास्तविक पहचान और राष्ट्रीयता से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करेगी। इसके अलावा भारत में उसके प्रवेश, यहां रहने के रिकॉर्ड और पहचान पत्रों की वैधता की भी जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के बांग्लादेशी नागरिक होने और उसके इमिग्रेशन स्टेटस से जुड़े दावों की अंतिम पुष्टि संबंधित सरकारी एजेंसियों और रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद ही होगी। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Delhi News

About The Author

Related Posts