रंगदारी नहीं देने पर दुराचार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी, चार पर एफआईआर

कैराना में किसान एवं मोबाइल कारोबारी को जेल भिजवाने और परिवार के बच्चों की हत्या कराने की धमकी देने का आरोप

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Crime News:  क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राई में एक किसान एवं मोबाइल कारोबारी से कथित तौर पर रंगदारी मांगने और रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही चार लोगों पर वर्षों से धमकाकर रुपये ऐंठने तथा परिवार के बच्चों का अपहरण कर हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कैराना कोतवाली में चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव मोहम्मदपुर राई निवासी फैसल ने पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ मोबाइल फोन का कारोबार करता है।

आरोप है कि गांव निवासी उस्मान, बुन्दू, आरिफ व मुजम्मिल लंबे समय से उससे रुपयों की मांग कर रहे हैं। कारोबारी का आरोप है कि उक्त लोग उसका कारोबार अच्छा चलने का हवाला देकर रंगदारी मांगते हैं तथा रुपये देने से इनकार करने पर झूठे मुकदमों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी देते है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी झूठे मुकदमों का भय दिखाकर उससे मोटी रकम वसूल चुके हैं। कुछ दिन पूर्व वह इस संबंध में बातचीत करने के लिए उस्मान के पास गया था। आरोप है कि इस दौरान उस्मान ने चार-पांच दिनों के भीतर उसके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी ने रुपये नहीं देने की स्थिति में उसे तबाह और बर्बाद करने की चेतावनी दी।

पीड़ित ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित होने का दावा किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नामजद लोग उच्च अधिकारियों से सांठगांठ होने का रौब दिखाकर उस पर लगातार दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं, रुपये नहीं देने पर उसके परिवार के किसी बच्चे का अपहरण कर हत्या करने की धमकी भी दी गई है। लगातार मिल रही कथित धमकियों के कारण वह और उसका परिवार भयभीत है। फैसल ने 19 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए अपनी तथा परिवार की जान को खतरा बताया था। शिकायत पर 23 अक्टूबर को कोतवाली प्रभारी को अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

About The Author

Related Posts