मंडी बरीवाला में बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी

 मंडी में तीन फीट तक भरा पानी, धान की ढेरियां और बोरियां भीगीं

Published On

श्री मुक्तसर साहिब, सच कहूँ/सुरेश गर्ग। Sri Muktsar Sahib: पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण मंडी बरीवाला की अनाज मंडी में पानी भर गया है। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। मंडी में कई जगह तीन फीट तक पानी भरने के कारण बिक्री के लिए लाई गई धान की फसल और बोरियों में भरा धान बुरी तरह भीग गया है। इससे किसानों और आढ़तियों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसानों के अनुसार, मंडी का फर्श नीचा होने और पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध न होने के कारण हर साल बारिश के दौरान यह समस्या पैदा होती है। गांव हराज के किसान जगरूप सिंह ने बताया कि मंडी में पानी भरने के कारण धान की ढेरियां पानी में डूब गई हैं और बोरियां भी पूरी तरह भीग रही हैं।

गांव भुट्टीवाला के किसानों निर्मल सिंह, ज्ञान सिंह, अवतार सिंह, छिंदर सिंह, अर्जुन सिंह, कंवर अनमोल सिंह सरायनागा और लछमण सिंह मराड़ कलां ने भी मंडी में पानी की निकासी के उचित प्रबंध न होने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि बारिश होने पर मंडी तालाब का रूप धारण कर लेती है, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। प्रभावित किसानों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि मंडी के फर्श को ऊंचा किया जाए और बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाए। किसानों ने राजनीतिक नेताओं द्वारा मंडियों के दौरे के दौरान जताई जाने वाली सहानुभूति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल बयान नहीं, बल्कि उनकी समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। इस संबंध में मार्केट कमेटी बरीवाला के सचिव अनिल कुमार खुंखर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

About The Author

Related Posts