Bathinda Railway Overbridge: बठिंडा वासियों को मिली राहत, रेलवे ओवरब्रिज हुआ शुरु

मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने ट्रायल के आधार पर ओवरब्रिज को यातायात के लिए खोला

Published On

बठिंडा, सच कहूँ/सुखजीत मान। Bathinda News: शहरवासियों के लिए वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार को राहत भरी खबर सामने आई, जब लंबे समय से अधूरे पड़े संजय नगर, नरुआणा रोड और बंगी नगर रेलवे ओवरब्रिज को मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने आम लोगों के लिए खोल दिया। करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस ओवरब्रिज को फिलहाल ट्रायल के आधार पर यातायात के लिए शुरू किया गया है। इसके शुरू होने से रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

लंबे समय से इस पुल के निर्माण और इसके चालू होने का इंतजार कर रहे शहरवासियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ओवरब्रिज को लोगों के लिए खोलने के बाद बातचीत करते हुए मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि कोई भी बड़ा काम टीम वर्क, सामूहिक प्रयासों और निरंतर संघर्ष के बिना संभव नहीं होता। इस परियोजना को पूरा करवाने के लिए उनके साथ खड़ी टीम ने लंबे समय तक प्रयास किए। आज उन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण परियोजना को लोगों को समर्पित किया जा सका है।

उन्होंने कहा कि 78 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज को लोगों के लिए खोलना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मेयर ने कहा कि इस ओवरब्रिज का निर्माण मौजूदा सरकार के कार्यकाल के दौरान पूरा हुआ है और अब इसे लोगों की सुविधा के लिए ट्रायल के आधार पर शुरू कर दिया गया है। रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने से उनका रोजमर्रा का जीवन आसान होगा। मेयर ने बताया कि ओवरब्रिज को फिलहाल ट्रायल के आधार पर शुरू किया गया है, ताकि लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके। पुल पर स्ट्रीट लाइटें लगाने, पानी की निकासी के लिए वाटर पंपिंग से संबंधित कार्य और पेंट करने का काम अभी जारी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जमीन के इस्तेमाल के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वहाँ नगर निगम और वक्फ बोर्ड की जमीन है। इस जगह को लोगों की मांग और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल में लाने की योजना बनाई जाएगी। 

मेरा उद्देश्य बठिंडा को हर तरह की सुविधाओं से लैस बनाना: मेयर

मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि उनका उद्देश्य बठिंडा को एक आधुनिक, सुंदर और हर तरह की सुविधाओं से लैस शहर बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहरवासियों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विभिन्न विकास परियोजनाओं के पूरा होने से बठिंडा की तस्वीर और भी बेहतर होगी तथा शहरवासियों को इन कार्यों का सीधा लाभ मिलेगा।

 

About The Author

Related Posts