नए वोट बनवाने के लिए कैराना विधानसभा के बूथों पर लगे कैंप
नए वोट बनवाने के लिए कैराना विधानसभा के बूथों पर लगे कैंप
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को कैराना के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर व ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न मतदान बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। जहां पर नए वोट बनवाने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का कार्य किया गया। इस दौरान 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन लिए गए। इसके अलावा, मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न रहने देना है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि आगामी 24 अक्टूबर 2026 को भी कैराना विधानसभा के सभी मतदान बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक नए मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन करने, मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और पहले से दर्ज विवरणों में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वह विशेष कैंपों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।