कुख्यात शूटर दीपक बॉक्सर व योगेश टुंडा कैराना कोर्ट में पेश

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है दोनों कुख्यात आरोपी, शामली पुलिस ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या में दोनों बदमाशों को बनाया है आरोपी

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात शूटर दीपक बॉक्सर व योगेश टुंडा को कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना कोर्ट में पेश किया गया। शामली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोपी बनाते हुए कोर्ट में रिमांड मंजूर करने की अर्जी दाखिल की थी। कोर्ट ने आरोपियों का रिमांड मंजूर कर लिया है। शामली पुलिस शीघ्र ही तिहाड़ जेल पहुंचकर आरोपियों से अंकित बालियान की हत्या से जुड़े मामलों में पूछताछ करेगी।

विदित रहे कि हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की विगत 26 अगस्त 2026 को शामली में चार शूटरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। शामली पुलिस ने पांच दिन बाद अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था, जबकि दो शूटर आर्यन व सत्यम अभी भी फरार चल रहे है। पुलिस की ओर से दोनों फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। शामली पुलिस हत्याकांड की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के षड्यंत्र में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी विवेचना में खोल रही है। पुलिस ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात शूटर दीपक बॉक्सर व योगेश टुंडा को भी अंकित हत्याकांड का आरोपी बनाया है। दोनों शूटरों को हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है। इसी के तहत शामली पुलिस ने कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अर्जी दाखिल करके दोनों आरोपियों का रिमांड मंजूर करने का अनुरोध किया था।

शामली पुलिस की ओर से प्रस्तुत की गई पत्रावली एवं साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने बी वारंट जारी करके तिहाड़ जेल में बंद दोनों आरोपियों को पेश करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को कुख्यात शूटर दीपक बॉक्सर व योगेश टुंडा को दिल्ली पुलिस कैराना लेकर पहुंची। जहां पर भारी-भरकम सुरक्षा के बीच उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। बताया गया है कि कोर्ट ने दोनों आरोपियों का रिमांड मंजूर कर लिया है। अब शीघ्र ही शामली पुलिस तिहाड़ जेल पहुंचकर आरोपियों से अंकित हत्याकांड से जुड़े सवालों की पूछताछ करेगी।

About The Author

Related Posts