Haryana News: हरियाणा के शहरों को मिली 321 करोड़ की सौगात, सरसा की 19 सड़कें बनेंगी, हिसार से बाहर होंगी डेयरियां
सीएम की अध्यक्षता में हाई-पावर्ड वर्क्स कमेटी की बैठक में 13 परियोजनाओं की टेंडर दरों को मिली मंजूरी
सरसा, सच कहूँ/सुनील वर्मा। Haryana News: हरियाणा के शहरों में टूटी सड़कों, कचरा प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार ने 321 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को हरी झंडी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में हुई हाई-पावर्ड वर्क्स कमेटी की बैठक में 13 परियोजनाओं की टेंडर दरों को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में सरसा की 19 सड़कों का पुनर्निर्माण भी शामिल है। वहीं, हिसार में शहर के भीतर चल रही डेयरियों को बाहर शिफ्ट करने और पार्कों के विकास पर 55.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक और पलवल सहित अन्य शहरों को भी विकास कार्यों की सौगात मिली है।
सरसा शहर में स्टॉर्म वॉटर ड्रेन पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई 19 सड़कों की हालत सुधारी जाएगी। इनके पुनर्निर्माण और दोबारा सड़क की परत बिछाने के लिए 18.74 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया था। इसका ठेका सरसा की एक फर्म को करीब 13 करोड़ रुपये में अलॉट किया गया है। फर्म ने अनुमानित लागत से करीब 29 प्रतिशत कम दर पर टेंडर भरा था। इस टेंडर के लिए सात फर्मों ने आवेदन किया था, जिनमें से छह तकनीकी रूप से योग्य पाई गईं।
डेयरियों की शहर से विदाई, पार्कों पर खर्च होंगे करोड़ों
हिसार शहर में संचालित दुग्ध डेयरियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के लिए 34.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट, पार्कों के रखरखाव, नई कॉलोनियों में पार्क विकसित करने और दिव्यांगजनों के लिए विशेष पार्क बनाने पर 21.17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दोनों परियोजनाओं पर कुल 55.78 करोड़ रुपये लगाए जाएंगे। गुरुग्राम में नगर निगम से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण के लिए 40.99 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है। फरीदाबाद के प्रतापगढ़ गांव में ठोस कचरे के निस्तारण पर 20.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, नारनौल क्लस्टर के तहत नारनौल, महेंद्रगढ़, कनीना, नांगल चौधरी और अटेली मंडी में कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुधारने के लिए 21.36 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शामिल किया गया है।
पानीपत में उपचारित पानी की सप्लाई, रोहतक में लगेंगी नई एलईडी लाइटें
पानीपत में सिवाह स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से सेक्टर-29 के एचएसवीपी टैंकों तक प्रतिदिन 60 एमएलडी उपचारित पानी पहुंचाने के लिए 56.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना में 15 साल तक रखरखाव का प्रावधान भी रखा गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर-20 में 17.94 करोड़ रुपये की लागत से बैंक्वेट हॉल बनाया जाएगा। रोहतक में पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर नई एलईडी लाइटें लगाने और केंद्रीय नियंत्रण एवं निगरानी प्रणाली विकसित करने पर 31.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बल्लभगढ़ में बनेगा निगम का नया कार्यालय, गांवों में सुधरेंगी सुविधाएं
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में नगर निगम का नया कार्यालय भवन बनाने के लिए 20.32 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है। इसके अलावा गांव सीही में पेयजल, सीवर, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर बनाने पर 18.70 करोड़ रुपये तथा गांव भूडेना में इन्हीं मूलभूत सुविधाओं के विकास पर 13.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश के विभिन्न शहरों में सड़क, सफाई, जल प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है।
