Punjab News: कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, बसें चलीं, सरकार व आमजन को मिली राहत

परिवहन मंत्री चीमा के साथ हुई बैठक में कुछ मांगों पर बनी सहमति

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Punjab News: पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की पिछले कई दिनों से चल रही हड़ताल आखिरकार शनिवार को खत्म हो गई। हड़ताल खत्म होने से जहाँ सरकार ने राहत की सांस ली है, वहीं आम लोगों को भी बड़ी राहत मिली है। हड़ताल समाप्त करने की घोषणा शनिवार को यहाँ पीआरटीसी के मुख्यालय में पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ यूनियन नेताओं की हुई बैठक के बाद की गई। इस दौरान परिवहन मंत्री ने कच्चे कर्मचारियों की मांगों पर सहमति जताई। गौरतलब है कि इन कच्चे कर्मचारियों ने 21 अक्तूबर से बसों का चक्का जाम कर रखा था और आज हड़ताल का चौथा दिन था। हड़ताल के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

पीआरटीसी की करीब 40 प्रतिशत बसें बंद थीं और बताया जा रहा है कि इन चार दिनों में पीआरटीसी को 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा पंजाब रोडवेज को इससे कहीं अधिक नुकसान हुआ है, क्योंकि पनबस का संचालन पूरी तरह कच्चे कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। आज पीआरटीसी कार्यालय में यूनियन नेताओं की वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ बैठक हुई। इस दौरान पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा, मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा राणा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह और प्रदेश नेता हरकेश कुमार विक्की ने बताया कि अगले सप्ताह से आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर ज्वाइन करवाने के लिए नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। बाकी मांगों के संबंध में 29 अक्तूबर को होने वाली बैठक में अंतिम फैसला लेने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। इसके साथ ही जेलों में बंद उनके साथियों की रिहाई को लेकर भी बातचीत हुई। यूनियन नेताओं ने बताया कि परिवहन मंत्री के साथ बैठक के बाद संगठन ने हड़ताल और धरना समाप्त करते हुए बस सेवा बहाल कर दी है। उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि यदि 29 अक्तूबर की बैठक में उनकी मांगों का पूरी तरह समाधान नहीं किया गया तो इसके बाद वे दोबारा संघर्ष शुरू करेंगे।

बैठक में कुछ गलतफहमियांँ दूर हुई: हरपाल चीमा

परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कुछ गलतफहमियां पैदा हो गई थीं, जिन्हें आज की बैठक में दूर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को विभाग में शामिल करने के संबंध में अगले सप्ताह नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में बनी सहमति के बाद हड़ताल समाप्त हो गई है। चीमा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए बड़े कदम उठा रही है।

 

 

About The Author

Related Posts