शिक्षा को मुफ्त कराएगी आजाद समाज पार्टी: चंद्रशेखर आजाद संवाददाता अनु सैनी
कार्यकर्ता बूथ सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, मजदूर, किसान, मुसलमान,सम्मान, संघर्ष, विकास, शिक्षा स्वास्थ्य,रोजगार, मंहगाई, वोट चोरी,बढ़ते अपराधपर किया सम्बोधन
मोरना, सच कहूँ न्यूज़। Morna News: मोरना में शुक्रताल मार्ग पर आजाद समाज पार्टी की ओर से विशाल कार्यकर्ता बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद तथा मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी रविन्द्र भाटी सहित पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान विभिन्न दलों से आए लोगों ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भारतीय किसान यूनियन के प्रसिद्ध नेता विकास रहमतपुर भी पार्टी में शामिल हुए।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि शिक्षा ही विकास का एकमात्र रास्ता है। उनकी पार्टी ऐसी व्यवस्था लागू करने के लिए संघर्ष करेगी, जिसमें अमीर और गरीब के बच्चे एक ही विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करें तथा सभी को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज मिले। सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सरकारी नौकरी में अवसर दिया जाए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकारी विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शराब के ठेकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षित व्यक्ति सरकार से सवाल करता है और सरकार सवाल करने वालों को पसंद नहीं करती।
उन्होंने कहा कि मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की मांग लंबे समय से चली आ रही है, जिसे उनके द्वारा पूरा करा किया जाएगा। पेपर लीक आरक्षण की लूट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों की अनुमति देने में भी भेदभाव किया जाता है। नए स्थानों पर सतगुरु महाराज व बाबा साहेब की जयंती निकालने की अनुमति नही दी जाती है। ऐसी सरकार को वोट की ताकत से बदलने की जरूरत है।
चंद्रशेखर आजाद ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि जब चीनी के दाम बढ़ सकते हैं तो गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल क्यों नहीं किया जा सकता? सरकार किसानों का शोषण कर रही है। सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के कारण किसान और मजदूर परेशान हैं। पेट्रोल के दाम दोगुने हो गए हैं।हाईवे पर टोल के नाम पर गरीब को लूटा जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित है, लेकिन नदियों के किनारे मजबूत बांध बनाने और गांवों की टूटी सड़कों की मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पंचायत चुनाव टाले जाने को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी हार से भयभीत है।सरकार वोट लूटने काम करती है एमएलसी चुनाव में एक व्यक्ति के नाम पर दर्जनों वोट बना दी गई।
उन्होंने कहा कि खाली कुर्सियां देखकर वह निराश नहीं होते, क्योंकि बुजुर्गों ने उन्हें संघर्ष करना सिखाया है।रविन्द्र भाटी ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से सर्वसमाज के हितों के लिए राजनीति में संघर्ष कर रहे हैं और पिछले 10 वर्षों से चंद्रशेखर आजाद के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रत्येक समाज के लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है और राजनीति को सेवा का माध्यम माना है। इंडिया गठबंधन सहित अन्य राजनीतिक दलों के साथ भविष्य में गठबंधन को लेकर उनकी पार्टी के रास्ते खुले हैं। सम्मेलन के दौरान क्षेत्र के अनेक लोगों ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में छोटे बालक आयुष गंगवालिया द्वारा चंद्रशेखर आजाद को गुल्लक भेंट की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बृजपाल सिंह ने की, जबकि संचालन अरविंद पंवार,डॉ वीपी सिंह ने किया।
इस अवसर पर राजकुमार यादव, जोगिंदर, गौहर इकबाल,एडवोकेट मनिष प्रजापति,
जाम चौधरी, सतपाल चौधरी, डॉ. ब्रजपाल सिंह, मोहम्मद गाजी, विनोद प्रमुख, मनीष प्रजापति, रोबिन पाल, ईश्वर चंद, जगदीश, रजत निठारिया, कुलदीप चौधरी, प्रदीप, कुलदीप प्रधान, ललित भाटी, महकपाल गुर्जर, सेठपाल गुर्जर, संजय रवि, रंजनवीर, विकास रहमतपुर, अंकुर गंगवालिया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
