गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़: टप्पेबाजी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

बैंकों के आसपास लोगों को बनाते थे निशाना, टक्कर मारने का बहाना कर उलझाते और रुपये लेकर हो जाते थे फरार; 4600 रुपये, स्कूटी और दो तमंचे बरामद

Published On

गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad News: सिहानी गेट थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। 23 अक्टूबर की देर रात मेरठ रोड स्थित डीपीएस स्कूल के गेट नंबर-2 के पास हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से टप्पेबाजी के 4600 रुपये, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने मीडिया को बताया कि  13 अक्टूबर 2026 को नंदग्राम निवासी कुलदीप ने सिहानी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को वह अपने कार्यालय से चेक जमा कराने एचडीएफसी बैंक, नवयुग मार्केट गए थे। इसके बाद वह बाइक से मालीवाड़ा चौक स्थित विमल फार्मा से भुगतान लेने जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने पीछे से टक्कर लगने की बात कहकर उन्हें रोक लिया और अपनी बातों में उलझा लिया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों उनके रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 363/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग,जवाबी कार्रवाई में दो घायल

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और मुखबिर की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 23 अक्टूबर की देर  रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पूर्व में टप्पेबाजी की घटना में शामिल आरोपी दोबारा वारदात करने के इरादे से निकले हैं।

सूचना पर सिहानी गेट पुलिस ने मेरठ रोड पर डीपीएस स्कूल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि दोनों स्कूटी मोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

एसीपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक पुत्र ऋषि निवासी सी-247, मंगोलपुरी, डीडीए मार्केट, थाना राज पार्क, दिल्ली और गौरव उर्फ गोलू पुत्र शिव कुमार निवासी सी-240, मंगोलपुरी, गली नंबर-4, थाना गुलाबी बाग, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई  स्कूटी  बरामद की गई है। इसके अलावा दोनों के पास से एक-एक तमंचा .315 बोर, एक-एक जिंदा कारतूस और एक-एक खोखा कारतूस मिला है। पुलिस ने मुकदमे से संबंधित 4600 रुपये भी बरामद किए हैं।

बैंकों के आसपास करते थे रेकी

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी बैंकों और लोगों की आवाजाही वाले स्थानों के आसपास खड़े होकर ऐसे व्यक्तियों पर नजर रखते थे, जिनके पास नकदी होने का अंदेशा होता था। इसके बाद वे स्कूटी से उनका पीछा करते और सुनसान या उपयुक्त स्थान देखकर टक्कर मारने का बहाना बनाकर उन्हें रोक लेते थे। बातचीत में उलझाकर मौका मिलते ही उनके रुपये निकालकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है।

विवेक पर 32 और गौरव पर 10 मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी विवेक के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में टप्पेबाजी, चोरी और लूट के 29 तथा आर्म्स एक्ट के तीन मामलों समेत कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गौरव उर्फ गोलू के खिलाफ टप्पेबाजी और चोरी के सात तथा लूट के तीन मामलों समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है।

 

About The Author

Related Posts