गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, दिल्ली कूच करेंगे गुर्जर समाज के लोग

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की बैठक आयोजित, 27 अक्टूबर को गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली पहुंचने का आह्वान

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: आगामी 27 अक्टूबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कस्बे के नेशनल हाईवे-709एडी पर स्थित एक मैरिज होम में महासभा के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें गुर्जर समाज के लोगों से बड़ी संख्या में गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली पहुंचकर सामाजिक एकजुटता और स्वाभिमान का परिचय देने का आह्वान किया गया। बैठक में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के शामली जिलाध्यक्ष मास्टर श्रीपाल आर्य, संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह एवं असलम प्रधान की प्रमुख मौजूदगी रही।

इस दौरान पदाधिकारियों ने आगामी स्वाभिमान रैली की तैयारियों पर चर्चा करते हुए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। पदाधिकारियों ने कहा कि गुर्जर समाज की एकजुटता, सामाजिक जागरूकता और स्वाभिमान को मजबूत करने के लिए आयोजित यह रैली महत्वपूर्ण अवसर है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से गुर्जर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल होंगे। बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने गुर्जर समाज के युवाओं, बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ दिल्ली पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करना आवश्यक है। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ने और दिल्ली पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाए।

 

About The Author

Related Posts