बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस का ‘गुलाबी’ बनेगा भारत-जापान सांस्कृतिक सहयोग का नया अध्याय
जापानी विद्यार्थियों को राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन, भारतीय जीवन मूल्यों और पारिवारिक परंपराओं से रूबरू कराएगा 12 दिवसीय कार्यक्रम
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। भारत और जापान के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस द्वारा 12 से 24 सितम्बर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम ‘GULABI – Global Unity through Learning Art (Language & Culture) with BIYANI’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस एवं रीको (RIICO) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
12 दिवसीय कार्यक्रम में जापान के यूजी एवं पीजी विद्यार्थी राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, भारतीय जीवन मूल्यों, होमस्टे और पारिवारिक संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।यह पहल भारत-जापान के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता के साथ-साथ राजस्थान की औद्योगिक, हस्तशिल्प एवं उद्यमशीलता की पहचान को अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों तक पहुंचाने का भी अवसर प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के दौरान जापानी विद्यार्थियों को आमेर किला, हवामहल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, पुष्कर, किशनगढ़ सहित राजस्थान के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय परिवारों के साथ होमस्टे, राजस्थानी लोककला, योग, ध्यान, भारतीय जीवनशैली, व्यक्तित्व विकास, पत्रकारिता, अंतरसांस्कृतिक संवाद (Cross-Cultural Communication) तथा पारंपरिक उद्योगों एवं हस्तशिल्प से जुड़े अनुभवात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
‘गुलाबी’ का उद्देश्य भारत और जापान के युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, वैश्विक नागरिकता, नेतृत्व क्षमता और दीर्घकालिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से जापानी विद्यार्थी राजस्थान को केवल एक पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, परिवार, कला, परंपराओं और जीवनशैली के प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझेंगे।
यह पहल राजस्थान की संस्कृति, कला, पर्यटन, हस्तशिल्प और भारतीय आतिथ्य परंपरा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, कार्यक्रम भारत-जापान के युवाओं के बीच भविष्य के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग के लिए नए अवसर भी तैयार करेगा।
उल्लेखनीय है कि बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस पिछले दो दशकों से भारत-जापान शैक्षणिक सहयोग को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। संस्थान के 121 से अधिक विद्यार्थी जापान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं, जबकि 100 से अधिक विद्यार्थी जापान में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक एक्सचेंज कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं। इसके साथ ही, संस्थान के अनेक विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित MEXT Scholarship भी प्राप्त हुई है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन जापान से प्रो. मनीष बियानी एवं प्रो. हिरोहिसा तनाका तथा भारत से डॉ. राधिका बियानी डागा एवं डॉ. स्मृति तिवारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।