National Hindi Day: राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर साप्ताहिक पखवाड़ा का शुभारंभ

डायरी लेखन प्रतियोगिता में बीए, बीसीए और एमए हिंदी की छात्राओं ने लिया हिस्सा, 14 सितंबर को विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित।

Published On

खरखौदा,सच कहूं। सावित्रीबाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी साप्ताहिक पखवाड़ा  का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार  के निर्देशानुसार एवं हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ. प्रमिला देवी और डॉ. विजय दीप के नेतृत्व में दीप प्रज्वलित कर किया गया।  प्राचार्य प्रो.अनिल कुमार ने  हिंदी दिवस पर आयोजित इस साप्ताहिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए हिंदी विभाग को शुभकामनाएं दीं ।  

उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा हिंदी साप्ताहिक प्रतियोगिताओं द्वारा छात्राओं में आत्मविश्वास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में वृद्धि होगी और हिंदी पठन-पाठन व  लेखन में भी रुचि जागृत होगी। हिंदी में आगे रोजगार के भी काफी अवसर हैं और हिंदी भाषा पर पकड़ बनाकर छात्राएं इसमें अपना सुनहरा भविष्य बना सकती हैं। हिंदी पखवाड़े के प्रथम दिवस के अवसर पर  डायरी लेखन प्रतियोगिता  का आयोजन किया गया, जिसका विषय मेरे जीवन में हिंदी का महत्व  अथवा मेरे जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहा।

प्रतियोगिता में बी.ए.,बी.सी.ए और एम.ए हिंदी की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्राओं ने अपने विचारों को मौलिक एवं शुद्ध हिंदी में अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. प्रमिला देवी ने कहा कि डायरी लेखन आत्म-अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है और हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान है। हमें गर्व से  हिंदी बोलनी और लिखनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ रचनाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें 14 सितम्बर को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में सुलेख, निबंध, कविता पाठ, भाषण एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

About The Author

Related Posts