गुरुग्राम में दूसरे दिन शनिवार को भी हुई मूसलाधार बरसात

भारी बारिश के अलर्ट, गैर जरूरी यात्रा व जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा शनिवार सुबह बरसात का अलर्ट दिया गया तो बदरा जमकर बरसे। शहर पानी-पानी हो गया। कई इलाकों में बरसात का पानी भर गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक एहतियाती निर्देश जारी किए हैं। आईएमडी ने अगले 2-3 घंटों के दौरान 15 एमएम प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ तेज हवाएं चलने का भी पूवानुर्मान है।

उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए गैर-जरूरी यात्रा से यथासंभव बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेष रूप से जलभराव वाली सडकों, अंडरपास तथा निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों को पानी से भरे रास्तों अथवा जलभराव वाले हिस्सों को पैदल या वाहन से पार न करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि पानी की गहराई और सडक की स्थिति का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने नागरिकों से पेड़ों, बिजली के खंभों और ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से दूरी बनाए रखने की भी अपील की है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान इनके आसपास खड़े होने से दुर्घटना का खतरा हो सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी होने वाले आगामी अलर्ट और दिशा-निदेर्शों का पालन करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती एवं बचाव संबंधी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम की न्यू कालोनी में भरा बरसात का पानी।

About The Author

Related Posts