Teachers' Day: शिखर शिक्षा सदन में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
शिखर शिक्षा सदन में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा, निदेशक राजेश शर्मा, प्रबन्धिका शिखा शर्मा एवं प्रधानाचार्या शालिनी राय ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की।
इस अवसर पर चेयरमैन सुशील शर्मा ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उन्हें संस्कार और जीवन जीने की सही दिशा भी प्रदान करता है।
निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सर्वोपरि है। शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व, संस्कार एवं जीवन-मूल्यों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रबन्धिका शिखा शर्मा ने कहा कि शिक्षक होना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना शिक्षक का दायित्व है।
प्रधानाचार्या शालिनी राय ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक भावी पीढ़ी का निर्माता होता है। विद्यार्थियों के सपनों को सही दिशा देकर उन्हें सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ाना शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी स्मरण किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके समर्पण और योगदान की सराहना की गई।