राजस्व अभिलेखागार शामली में स्थापित कराए जाने की मांग
राजस्व अभिलेखागार शामली में स्थापित कराए जाने की मांग
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: जिला एवं सत्र न्यायालय में वकालत करने वाले एक अधिवक्ता ने राजस्व अभिलेखागार की व्यवस्था शामली जनपद में कराए जाने की मांग की है। उन्होंने मामले के सम्बन्ध में तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना-पत्र दिया है।
जिला एवं सत्र न्यायालय कैराना में वकालत करने वाले एडवोकेट विशाल गोयल ने शनिवार को तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक प्रार्थना-पत्र दिया है। बताया कि वह कैराना व शामली तहसील में अधिवक्ता के रूप में व्यवसाय करता है। उसे विभिन्न दस्तावेजों का मुआयना व सत्यापित नकल प्रतिलिपि की आवश्यकता होती है, जिसके लिए उसे राजस्व अभिलेखागार मुजफ्फरनगर कार्यालय जाना पड़ता है।
अधिवक्ता का कहना है कि केवल उसे ही नहीं, बल्कि शामली जिले के अन्य अधिवक्ताओं को भी मुजफ्फरनगर राजस्व अभिलेखागार से सत्यापित दस्तावेज लेकर आने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। नकल सवाल प्रस्तुत करने के 15 दिनों बाद नकल प्राप्त होती है। अधिवक्ता का कहना है कि शामली को मुजफ्फरनगर से अलग हुए 15 वर्ष हो गए है, परन्तु आजतक भी भूमि से जुड़े दस्तावेजों का रिकार्ड रूम जिले में नहीं बन पाया है। अधिवक्ता ने जनपद शामली में अलग राजस्व अभिलेखगार स्थापित कराए जाने की मांग की है।