संकरी गली में मोबाइल टावर लगाए जाने का आरोप, सम्पूर्ण समाधान दिवस में की शिकायत

तहसील मुख्यालय पर पहुंचे गाड़ी वाला चौराहा झिंझाना बस्ती के दर्जनों महिलाएं व पुरुष, जिलाधिकारी आलोक यादव को सौंपा प्रार्थना-पत्र

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गाड़ी वाला चौराहा झिंझाना की बस्ती के दर्जनों महिलाओं व पुरुष शिकायतकर्ताओं ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जिलाधिकारी से शिकायती-पत्र सौंपा है। उन्होंने नियमों के विरुद्ध बस्ती की गली संख्या-02 में मोबाइल टावर लगाए जाने के आरोप लगाए है। शनिवार को गाड़ी वाला चौराहा झिंझाना बस्ती के दर्जनों लोग कैराना तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। जहां पर उन्होंने जिलाधिकारी शामली आलोक यादव को एक शिकायती-पत्र सौंपा। बताया कि बस्ती की गली संख्या-02 में नियमों को ताक पर रखकर जबरन एक मोबाइल टावर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। चूंकि यह निर्माण पूर्णतः नियम-विरुद्ध और जनहानि पहुँचाने वाला है।

अतः इस पर तुरंत प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। पत्र में बताया कि जिस गली में यह टावर स्थापित किया जा रहा है, वह अत्यंत संकरी और रिहायशी गली है। यदि यहाँ यह टावर खड़ा किया गया, तो भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा या तकनीकी खराबी के कारण टावर गिरने पर आसपास के दर्जनों मकान मलबे की चपेट में आ जाएंगे। संकरी गली होने के कारण आपातकाल में राहत कार्य या फायर ब्रिगेड का घुसना भी असंभव होगा। टावर से लगातार निकलने वाला हानिकारक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन पूरी बस्ती के स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित होगा। विशेषकर मोहल्ले की गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और वृद्धों के स्वास्थ्य पर इसका अत्यंत घातक असर पड़ेगा। टावर के संचालन के लिए घनी बस्ती के बीच में भारी कमर्शियल जनरेटर स्थापित किया जाना है। इससे होने वाले अत्यधिक शोर और धुएं के कारण स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो जाएगा,

जो पर्यावरण संरक्षण के नियमों और सुप्रीम कोर्ट द्वारा नागरिकों को दिए गए 'शांति व स्वस्थ वातावरण में जीने के अधिकार' का खुला उल्लंघन है। उत्तर प्रदेश सरकार की टेलीकॉम राइट ऑफ वे नियमावली के अनुसार, संकरी गलियों और घनी आबादी में टावर लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। ऐसे में निर्माणकर्ता कंपनी ने अधिकारियों को मौके की गलत जानकारी देकर या तथ्य छुपाकर कागजी स्वीकृतियां प्राप्त करने का प्रयास किया है, जिसकी गहन तकनीकी जांच और भौतिक सत्यापन आवश्यक है। पत्र में आगे कहा गया है कि पूरी गाड़ीवाला बस्ती के बाशिंदों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है, जिससे कानून-व्यवस्था  बिगड़ने और शांति भंग होने की पूरी संभावना है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर इस अवैध निर्माण प्रक्रिया पर स्थायी रोक लगाई जाने की मांग की गई है। साथ ही, नियमों के विरुद्ध घनी आबादी और संकरी गली में प्रस्तावित इस मोबाइल टावर की योजना को पूर्ण रूप से निरस्त करने के आदेश पारित किए जाएं। पत्र में मांग की गई है कि जनस्वास्थ्य और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस टावर को आबादी क्षेत्र से बाहर किसी गैर-आवासीय स्थान पर स्थानांतरित करने किया जाए। पत्र पर इशाक, आमना, गुलशेर, नाजिम, रहीसुद्दीन, गुलजार, शमशीदा, खालिद, अहसान, जावेद, साजिद, साबिर, महबूब, फारुख, असलम, सुहैल, भूरा आदि के हस्ताक्षर अंकित है।

Kairana News (3)
Kairana News: संकरी गली में मोबाइल टावर लगाए जाने का आरोप, सम्पूर्ण समाधान दिवस में की शिकायत

About The Author

Related Posts