“मुख्यमंत्री दूसरे प्रदेशों का हाल जानने में व्यस्त, हरियाणा की जनता बदहाल: दीपेंद्र हुड्डा”

पिहोवा में कांग्रेस नेता सतनाम सिंह विर्क के निवास पर पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह, बोले—सड़कें टूटीं, विकास ठप, अपराध बढ़े; जनता भाजपा की जुमलेबाजी पहचान चुकी है

Published On

पिहोवा। (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: जसविन्द्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने पिहोवा पहुंचकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। तीनों नेताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार सतनाम सिंह विर्क के निवास स्थान पर शिरकत की, जहां कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने प्रदेश की समस्याओं को छोड़कर दूसरे प्रदेशों का हाल जानने और पार्टी के प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि हरियाणा की जनता समस्याओं से जूझ रही है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, विकास कार्य ठप हैं और आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और धरातल की स्थिति में बड़ा अंतर है। अब जनता सरकार की जुमलेबाजी को पहचान चुकी है और आने वाले चुनाव में अपने वोट की ताकत से भाजपा को जवाब देगी।

सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सरकार को घेरा

सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को सरकार को मानना चाहिए और उन्हें पक्का किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि आज प्रदेश के सभी वर्गों और कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आते हैं और वोट मांगने का समय होता है तो बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद वही जुमलेबाजी देखने को मिलती है। हुड्डा ने कहा कि कर्मचारी, किसान और व्यापारी सहित प्रदेश का कोई भी वर्ग भाजपा सरकार से खुश नहीं है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।

सतनाम सिंह विर्क ने किया जोरदार स्वागत

कांग्रेस नेता सरदार सतनाम सिंह विर्क ने अपने निवास स्थान पर पहुंचे दीपेंद्र सिंह हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह और प्रभारी संजय दत्त का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में शाहाबाद से कांग्रेस विधायक रामकरण काला, लाडवा से कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जिला अध्यक्ष मेवा सिंह, पिहोवा से कांग्रेस नेता सरदार हरमंदीप सिंह विर्क तथा युवा कांग्रेस नेता हरतेजप्रताप सिंह विर्क, परमजीत सिंह विर्क, परवीनपाल सिंह विर्क, सरदार हरपिंदर सिंह, को-ऑपरेटिव सोसायटी के पूर्व चेयरमैन हरजिंदर सिंह, को-ऑपरेटिव सोसायटी के सदस्य सुखविंदर सिंह, हरदीप गुराया, जतिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, निधान सिंह, अनिल कुमार, राजीव, मामूराम गोंदर, गोपाल राम और जसविंदर सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

तीनों वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के पिहोवा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज बुलंद करेगी और आने वाले समय में सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी ने पिहोवा में पार्टी की सक्रियता का संदेश दिया।

Pehowa News
Pehowa News: पिहोवा में कांग्रेस नेता सतनाम सिंह विर्क के निवास पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता।

About The Author

Related Posts