ओवरलोड रोडवेज बस से गिरी 15 वर्षीय छात्रा, दोनों पैरों पर चढ़ा टायर

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पीटा, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

Published On

रेवाड़ी (सच कहूँ न्यूज)। Rewari News: रेवाड़ी में गुरुवार सुबह एक ओवरलोड रोडवेज बस से गिरने के बाद 15 वर्षीय छात्रा बस के टायर की चपेट में आ गई। बस का टायर छात्रा की दोनों टांगों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कोसली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।जानकारी के अनुसार रेवाड़ी डिपो की रोडवेज बस सुबह गुजरवास से रेवाड़ी के लिए चली थी। खेड़ी पहुंचते-पहुंचते बस यात्रियों से पूरी तरह भर गई।

खेड़ी बस स्टैंड से बस के रवाना होते समय खिड़की के पास खड़ी गांव खेड़ी निवासी गंगाराम की 15 वर्षीय बेटी मधु अचानक नीचे गिर गई। इसी दौरान बस का टायर उसकी दोनों टांगों के ऊपर से गुजर गया। हादसे के तुरंत बाद चालक अशोक कुमार बस रोककर पास के बाजरे के खेत में जाकर छिप गया। बस में सवार यात्रियों और ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और खेत से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

अतिरिक्त बसें चलाने की मांग

कोसली थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रेवाड़ी डिपो प्रधान प्रवीण कुमार व यशपाल ने कहा कि रूट पर बसों की कमी के कारण ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। अतिरिक्त बसें चलाने की मांग कई बार अधिकारियों के सामने रखी जा चुकी है। पर्याप्त बसें नहीं होने से छात्र-छात्राओं सहित अन्य यात्रियों को भीड़ में सफर करना पड़ता है।

Rewari News
Rewari News: ओवरलोड रोडवेज बस से गिरी 15 वर्षीय छात्रा, दोनों पैरों पर चढ़ा टायर

About The Author

Related Posts