शिक्षा और रोजगार
कराटे कैंप में सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, विद्यालय पहुंचने पर हुआ उत्साहवर्धन
कराटे कैंप में सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, विद्यालय पहुंचने पर हुआ उत्साहवर्धन
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: नीरज कराटे क्लासेस द्वारा होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में आयोजित सोतोकान कराटे एवं सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कैंप में सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल, मीरापुर के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कैंप में छात्रों को कराटे के साथ-साथ आत्मरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण गुरों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय की कक्षा 5 के छात्र अनमोल एवं अमान तथा कक्षा 6 के छात्र गुरजीत ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीनों छात्रों ने कराटे एवं सेल्फ डिफेंस के प्रशिक्षण के दौरान अपनी मेहनत, अनुशासन और काबिलियत का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन की कैंप में मौजूद प्रशिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने सराहना की।
कराटे प्रशिक्षण के माध्यम से छात्रों ने न केवल आत्मरक्षा के तकनीकी गुर सीखे, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने की क्षमता का भी विकास हुआ।
कैंप में प्रतिभाग करने के बाद विद्यालय लौटे छात्रों का विद्यालय परिवार द्वारा उत्साहवर्धन किया गया। प्रधानाचार्य सजी वर्गीस एवं सभी अध्यापकों ने छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं आत्मरक्षा जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। विद्यालय परिवार ने छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।