शिक्षा और रोजगार
मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां व पूजा सामग्री चोरी करने वाला गिरफ्तार
छह घंटे में पुलिस ने किया चोरी की घटना का खुलासा, करीब 2.5 लाख रुपये का सामान बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने तिगरी गोल चक्कर स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर पीतल की मूर्तियां और पूजा सामग्री चोरी करने के मामले का छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री बरामद की है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी श्वेता सिंह की मौजूदगी में मीडिया को बताया कि दो सितंबर की सुबह शनि मंदिर तिगरी गोल चक्कर का ताला टूटा मिला था।
मंदिर से पीतल की मूर्तियां और अन्य सामान गायब था। मंदिर के पुजारी सूरज शुक्ला की तहरीर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से दानिश (24) को गिरफ्तार कर लिया गया।
मूर्तियों समेत पूजा सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीतल की एक बड़ी लड्डू गोपाल की मूर्ति, एक बड़ी राधा रानी की मूर्ति, दो छोटी लड्डू गोपाल की मूर्तियां, एक बड़ी पीतल की गदा, तांबे की दो चरण पादुकाएं, पीतल के तीन लोटे, पांच दीपक और एक पूजा की घंटी समेत अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। बेचने की फिराक में था आरोपी पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नोएडा की राधाकुंज कॉलोनी में रहता है। दो सितंबर की सुबह अंधेरे में चोरी करने की नीयत से घूमते हुए उसने तिगरी गोल चक्कर स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी कर लिया था। वह चोरी का सामान बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी श्वेता सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में वर्तमान मुकदमे के अलावा नोएडा के सेक्टर-113 थाने में चोरी और अन्य धाराओं से संबंधित दो मुकदमे तथा सेक्टर-49 थाने में पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है। कुल चार मुकदमे सामने आए हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।