School News: अब स्कूलों में हर कक्षा के लिए होगा श्रमदान पीरियड, सफाई से लेकर पौधरोपण तक कराए जाएंगे काम

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को जारी किए निर्देश

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने श्रमदान पीरियड को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत स्कूल प्रमुखों को प्रत्येक कक्षा के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार श्रमदान का पीरियड आवंटित करना होगा।

इस दौरान विद्यार्थियों को केवल स्कूल परिसर की सफाई तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पौधरोपण और स्कूल के सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। हरियाणा के निदेशक माध्यमिक शिक्षा की ओर से 14 जुलाई 2026 को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न कक्षाओं के लिए अलग-अलग विषयों के पीरियड पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। इसी आवंटन के अनुसार स्कूल प्रमुख प्रत्येक कक्षा के लिए श्रमदान पीरियड निर्धारित करें।

सफाई और स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि श्रमदान पीरियड के दौरान होने वाली गतिविधियों का मुख्य फोकस क्लीनलिनेस, सैनिटेशन, स्वास्थ्य एवं हाइजीन पर रहेगा। विद्यार्थियों को स्कूल परिसर को साफ रखने, स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने वाली गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही जल संरक्षण को भी श्रमदान गतिविधियों का हिस्सा बनाया गया है। विद्यार्थियों को पानी की बचत और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्कूल परिसर में पौधरोपण के साथ पहले से लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी से भी विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा।

 श्रमदान पीरियड का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस दौरान सफाई, पौधरोपण, जल संरक्षण और स्कूल सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।
- सुभाष कुमार फुटेला, जिला शिक्षा अधिकारी 

एनएसएस इकाइयों को भी जोड़ा जाएगा

विभाग ने एनएसएस इकाइयों की सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर समुदाय से जुड़ी पहल में भाग लेने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार स्कूल प्रमुख अपनी-अपनी कक्षाओं के लिए निर्धारित श्रमदान अवधि में इन गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से करवाएंगे।

स्कूल का सौंदर्यीकरण और हाउस सिस्टम होगा मजबूत

श्रमदान पीरियड के दौरान स्कूल परिसर के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हाउस सिस्टम की गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य श्रमदान को केवल एक पीरियड तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों में सामूहिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना विकसित करना है।

Private-School

 

About The Author

Related Posts