भोजपुर में पुलिस मुठभेड़: 10 हजार का इनामी लुटेरा गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

भोजपुर में पुलिस मुठभेड़: 10 हजार का इनामी लुटेरा गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

Published On

गाजियाबाद(सच कहूँ/रविंद्र सिंह)  कमिश्नरेट गाजियाबाद के  भोजपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 10 हजार रुपये के इनामी लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से डीएमई पर लूट की घटना में लूटा गया मोबाइल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार 16 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और भोजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गांव किल्होड़ा बॉर्डर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हापुड़ की ओर से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम को नजदीक आता देख आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।

डीएमई पर लूट के मामले में था वांछित              

एसीपी ने  बताया कि घायल आरोपी की पहचान राज उर्फ राजेंद्र पांडे (22) पुत्र अजय पांडे, निवासी बी-1-124, छठ पूजा पार्क के पास, न्यू कोंडली, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने 28 जुलाई 2026 को भोजपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे (डीएमई) पर हुई लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 142/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज है। वह मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

आरोपी पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज

एसीपी गौतम  ने बताया कि आरोपी के खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद बरामदगी के संबंध में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया की इस गिरफ्तारी करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच गाजियाबाद और थाना भोजपुर पुलिस के जवान शामिल रहे।

About The Author

Related Posts