मुआवजा नहीं, जमीन वापस करो, वरना लेंगे जलसमाधि
कनावनी में किसानों का 26वें दिन भी धरना जारी, जीडीए को दी चेतावनी
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे इंदिरापुरम स्थित कनावनी गांव में जमीन वापस लेने की मांग को लेकर किसानों का धरना मंगलवार को 26 वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अब वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन जीडीए को देने के लिए तैयार नहीं हैं। मांग पूरी नहीं होने पर धरनारत किसानों ने जलसमाधि लेने की चेतावनी दी है। किसानों का कहना है कि गाजियाबाद-इंदिरापुरम विस्तार योजना के तहत उनकी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही थी और इसके लिए मुआवजा दिया जाना था। निर्धारित समय सीमा में अवार्ड घोषित नहीं होने के बाद किसानों ने अब मुआवजा लेने से इनकार करते हुए जमीन के राजस्व अभिलेखों में अपने नाम तत्काल बहाल करने की मांग की है।
धरनारत किसान प्रवीण नागर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत प्राधिकरण को छह माह के भीतर गांव की भूमि के संबंध में वैध अवार्ड घोषित करना था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी अवार्ड घोषित नहीं किया गया। ऐसे में किसानों का कहना है कि अब उन्हें मुआवजा नहीं, बल्कि अपनी जमीन वापस चाहिए। किसानों ने प्रशासन से स्थिति गंभीर होने से पहले मामले में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया गया है। धरने में चतर सिंह नागर, प्रकाश नागर, श्रीचंद नागर, मथन सिंह नागर, कैलाश नागर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।