शिक्षा और रोजगार
Kalpataru Buildtech Scam: कल्पतरु बिल्डटेक निवेश घोटाले की अब 14 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
ईडी की विशेष अदालत में आरोपियों की डिस्चार्ज अर्जी पर हुई बहस, लेकिन पूरी नहीं हो सकी सुनवाई
गाजियाबाद (सच कहूँ न्यूज)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष अदालत में कल्पतरु बिल्डटेक निवेश घोटाले और धनशोधन से जुड़े मामले में बुधवार को आरोपियों की डिस्चार्ज अर्जी पर बहस हुई। आरोपी पक्ष ने अर्जी के समर्थन में अपनी दलीलें रखीं, लेकिन बहस पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 14 सितंबर की तारीख तय की है। ईडी ने बताया कि कल्पतरु बिल्डटेक कंपनी के संचालकों ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश और आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर बड़ी रकम जुटाई। कंपनी ने मथुरा के फराह क्षेत्र के चुरमुरा गांव में रियल एस्टेट परियोजना शुरू कर अपार्टमेंट निर्माण और फ्लैट प्री-बुकिंग के नाम पर निवेश लिया था।
जांच एजेंसी का आरोप है कि निवेशकों को तय अवधि तक मासिक भुगतान और फ्लैट नहीं लेने की स्थिति में ब्याज समेत रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था। भुगतान बंद होने पर कई निवेशकों ने कंपनी संचालकों के खिलाफ मामले दर्ज कराए। इसके बाद ईडी ने धनशोधन के पहलू से जांच शुरू की। ईडी के मुताबिक जांच में अब तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेशकों से हड़पे जाने की बात सामने आई है। मामले में आरोपी पक्ष की ओर से दाखिल डिस्चार्ज अर्जी पर अगली सुनवाई 14 सितंबर को होगी।